मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने अखिलेश को दिया अयोध्या आने का निमंत्रण, बोले- बीजेपी के जीतते ही विपक्ष को क्यों याद आती है EVM?

Barabanki: राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा, 'अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन पर अखिलेश यादव को भी जरूर जाना चाहिये। क्योंकि, भगवान राम भाजपा के नहीं, बल्कि सभी के आराध्य देव और पूज्यनीय हैं।'

Report :  Sarfaraz Warsi
Update: 2023-12-19 11:31 GMT

बाराबंकी जिला कारागार में कैदियों के बीच गर्म कपड़े बांटते मंत्री धर्मवीर प्रजापति (Social Media) 

Barabanki News: यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार में कारागार एवं होमगार्ड विभाग के राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति (Dharamveer Prajapati) मंगलवार (19 दिसंबर) को बाराबंकी जिला कारागार पहुंचे। धर्मवीर प्रजापति ने कारागार में बंदियों से सीधा संवाद किया। ऐसे बंदी जिनके परिजन उनसे मिलने नहीं आते, उन्हें सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़े और कंबलों का वितरण किया।

इस दौरान राज्यमंत्री ने कहा, 'बीजेपी जब भी कोई चुनाव जीतती है। अखिलेश यादव और विपक्ष को ईवीएम की याद आती है। इसके अलावा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) के जनेऊ दिखाने को धर्मवीर प्रजापति ने दिखावा करार दिया। उन्होंने अयोध्या में होने वाले भव्य राम मंदिर के उद्घाटन को लेकर सरकार की तरफ से अखिलेश यादव को भी निमंत्रण दिया।

'150 कैदियों को गर्म कपड़े, इनर और कंबल बांटे'

राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि, 'सर्दी काफी बढ़ गई है। इसलिये ऐसे कैदी जिनसे उनका कोई परिजन मुलाकात करने नहीं आता, फोन पर भी उनसे कोई बात नहीं करता। उनके पास गर्म कपड़ों की कमी रहती है। बाराबंकी जिला कारागार में समाजसेवियों की मदद से करीब ऐसे करीब 150 कैदियों को गर्म कपड़े, इनर और कंबल बांटे गए। उन्होंने बताया कि, पिछले साल भी हम लोगों ने प्रदेश की जेलों में साढ़े सैंतीस हजार गर्म कपड़े और कंबल बंटवाये थे। क्योंकि, हर कैदी पेशेवर नहीं होता। कुछ हालातों का शिकार हो जाते हैं। ऐसे कैदियों से सीधा संवाद कर उन्हें संकल्प भी कराया कि, आगे जीवन में वह कोई गलत काम नहीं करेंगे'।

योगी सरकार ने 18 हजार कैदियों को छोड़ा

राज्यमंत्री ने आगे कहा कि, 'जिस समय योगी सरकार बनी थी तब प्रदेश की जेलों में कुल 1 लाख 20 हजार कैदी थे। जबकि, आज जेलों में 1 लाख दो हजार कैदी ही बचे हैं। शेष कैदी न्यायालय और दया याचिका के माध्यम से बाहर जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार ने समाजसेवियों के माध्यम से 800 से ज्यादा ऐसे कैदी छोड़े हैं, जो 500 से लेकर पांच हजार तक की काफी कम रकम की चोरियों में बंद थे। अब वह अपने परिवारों के साथ हंसी-खुशी रह रहे हैं। इसके अलावा जेल में बच्चों के लिये पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था करने से लेकर चिल्ड्रेन पार्क तक बनवा रहे हैं। कौशल विकास और एमएसएमई जैसी योजनाओं से हमने जेलों को जोड़ा है। जिसमें ज्यादातर कैदी हुनरमंद हो रहे हैं।'

ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर पर ये बोले राज्य मंत्री

वहीं, ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने के अखिलेश यादव के बयां पर धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि, 'भाजपा जब भी कोई चुनाव जीतती है। विपक्ष की तरफ से ईवीएम और बैलेट पेपर से चुनाव पर बहस शुरू कर दी जाती है। चुनाव हारने पर ही सभी को ईवीएम की याद आती है। जबकि, जहां हम जीते और हारे, उन दोनों जगहों पर ईवीएम से ही चुनाव हुआ है। धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि, भाजपा की सरकार और संगठन दोनों ही जनता का बीच रहते हैं। जबकि विपक्ष पूरे प्रदेश में कहीं भी नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि घर, ऑफिस और एसी में बैठकर राजनीति नहीं होती। जो जनता के बीच जाता हैं, उसे ही उसका आर्शीवाद मिलता है।'

अखिलेश जरूर जाएं, राम बीजेपी के नहीं

अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन का बुलावा मिलने पर जाने के अखिलेश यादव के बयान पर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि, 'लगभग साढ़े पांच सौ सालों के बाद यह मौका आया है। हमलोगों ने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि, ऐसे मंदिर का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। इस मौके पर सभी देशवासी खुद को गौरान्वित महसूस कर रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव को भी इस अवसर का लाभ जरूर लेना चाहिये। क्योंकि भगवान राम भाजपा के नहीं, बल्कि सभी के आराध्य देव और पूज्यनीय हैं। सरकार की तरफ से मैं खुद अखिलेश यादव को राम मंदिर के भव्य उद्घाटन के मौके पर अयोध्या आने का निमंत्रण दे रहा हूं। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के जनेऊ दिखाकर खुद को असली हिंदू बताने पर धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि हमारी पार्टी दिखावा नहीं करती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद के गिरेबान में झांके। क्योंकि भाजपा की यह पहली सरकार है कि जो देश की संस्कृति को न केवल बचा रही है, बल्कि उसे आगे भी लेकर जा रही है।

Tags:    

Similar News