Basti News: चंद्रयान के अभियान में महिलाओं का बड़ा योगदानः राज्यपाल

Basti News: राज्यपाल आनंदी पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा हमारे देश के प्रधानमंत्री और वैज्ञानिकों ने चंद्रयान अभियान को सफल किया। चंद्रयान अभियान की सफलता में महिलाओं का बड़ा योगदान रहा।

Update: 2023-09-04 17:02 GMT
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल : Photo-Newstrack

Basti News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल महामहिम आनंदी बेन पटेल सोमवार को बस्ती पहुंचीं। यहां उन्होंने मॉडल गांव लेदवा में विकास कार्यों का जायजा लिया। साथ ही एक समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर विभिन्न योजनाओं के बारे में जाना। महामहिम राज्यपाल ने लाभार्थियों को प्रशस्तिपत्र और किट वितरण किया।

इसरो (ISRO) में काम कर रहीं 50 फीसदी महिलाएं

राज्यपाल आनंदी पटेल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा हमारे देश के प्रधानमंत्री और वैज्ञानिकों ने चंद्रयान अभियान को सफल किया। चंद्रयान अभियान की सफलता में महिलाओं का बड़ा योगदान रहा। इसरो में 50 प्रतिशत महिलाएं काम कर रही हैं। चंद्रयान अभियान को सफल बनाने के लिए दिन-रात एक कर दिया गया। हमारे देश के वैज्ञानिक चाहे पुरुष हों या महिलाएं, उन्होंने दिन-रात काम किया और उनकी मेहनत से आज चंद्रयान चांद पर काम कर रहा है।

भूखों-गरीबों के देश जैसी हमारी छवि पूरी तरह बदल गई

महामहिम राज्यपाल ने कहा कि यह भारत की ताकत है, अब सूर्य का अभियान शुरू किया गया है। आदित्य एल-वन को भेजा गया है। जो पृथ्वी और सूर्य के बीच में डेढ़ लाख किलोमीटर दूर गया जो सूर्य का अध्ययन करेगा। यह भारत की ताकत है, जो पूरे विश्व ने देखी है, पहले भारत की जो पहले छवि थी कि भूखों-गरीबों का देश है, लेकिन आज भारत की छवि बदल गई है, भारत विश्व गुरु बनने जा रहा है।

बालिकाओं को जरूर लगवाएं वैक्सीन

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने महिलाओं में बढ़ रहे कैंसर पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि 9 साल से 14 साल की बेटियों को अगर तीन साल तक टीका लगवाया जाए तो उन्हें कभी कैंसर नहीं होगा। लेकिन हम सोचते हैं लड़की है, उसकी शादी हो जायेगी, ससुराल चली जाएगी, वहां जाकर कुछ होगा तो ससुराल वाले इलाज करेंगे। यह हमारी सोच है। दो हजार खर्च करने के बाद यदि हमारी बेटी बच जाती है तो यह महंगा नहीं है। वैक्सीन लगवाने के बाद गर्भाशय और सर्वाइकल के कैंसर से बेटी बच जाती है। महामहिम ने कहा कि मैं सभी भाइयों से रिक्वेस्ट करती हूं कि सरकार से अपेक्षा मत रखिए, बेटी आपकी है। आपको पापा-पापा बुलाती है, आप भी उनसे इतना प्यार करते हो, उसे पढ़ाते हो। लाखों रुपए खर्च करते हो, मेरी सलाह है 2 हजार खर्च कम करके बेटी को 2 हजार का टीका जरूर लगवा दें। आप सरकार पर अपेक्षा मत रखिए, अगर आप को अपनी बेटी प्यारी है, तो उसको कैंसर से बचाइए।

Tags:    

Similar News