Mainpuri By-Election: BJP प्रत्याशी रघुराज शाक्य ने नामांकन से पहले मुलायम सिंह के अंत्येष्टि स्थल पर टेका माथा

Mainpuri By-Election 2022: बीजेपी प्रत्याशी रघुराज शाक्य ने आज चुनाव नामांकन से पहले सैफई में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के अंत्येष्टि स्थल पर माथा टेका।

Written By :  aman
Update: 2022-11-16 06:39 GMT

मुलायम सिंह के अंत्येष्टि स्थल पर माथा टेकने पहुंचे टेका माथा बीजेपी प्रत्याशी रघुराज शाक्य

Mainpuri By-Election 2022: मैनपुरी लोकसभा सीट उप चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रत्याशी रघुराज शाक्य ने बुधवार (16 नवंबर) को नामांकन से पहले सैफई में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के अंत्येष्टि स्थल पर माथा टेका। मुलायम सिंह यादव को नमन करने के बाद उन्होंने चुनाव प्रचार शुरू किया।

गौरतलब है कि, यूपी के मैनपुरी लोकसभा सीट उप चुनाव के लिए मंगलवार को बीजेपी ने सपा प्रत्याशी डिंपल यादव के खिलाफ रघुराज शाक्य को उम्मीदवार घोषित किया। पहले से अनुमान लगाया जा रहा है था कि पार्टी इस सीट से किसी शाक्य चेहरे को मैदान में उतारना चाहती है। हुआ भी वैसा ही। बीजेपी ने मैनपुरी उपचुनाव के लिए रघुराज शाक्य (Raghuraj Singh Shakya) को अपना प्रत्याशी बनाया। केंद्रीय चुनाव समिति से अंतिम मुहर लगने के बाद उनके नाम का ऐलान किया गया। 

'ये लड़ाई राजघराने और गरीब के बीच'

इटावा स्थित अपने आवास से निकलने से पहले रघुराज शाक्य ने कहा, 'नामांकन से पहले वो मैनपुरी की जनता से आशीर्वाद लेने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ये लड़ाई राजघराने और गरीब के बीच है। नेताजी का भी उन्हें आशीर्वाद प्राप्त है। वो जनता की सेवा के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।' इसके बाद रघुराज शाक्य का काफिला सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के अंत्येष्टि स्थल पहुंचा। वहां उन्होंने नेताजी को श्रद्धांजलि दी। बता दें, रघुराज शाक्य पुराने समाजवादी नेता रहे हैं। अपने राजनीतिक जीवन का लंबा समय उन्होंने समाजवादी पार्टी में ही बिताया है।

शिवपाल के करीबी रहे हैं रघुराज शाक्य

मैनपुरी में यादव मतदाताओं के बाद शाक्य वोट सबसे अधिक हैं। इसलिए बीजेपी शुरुआत से ही शाक्य चेहरों पर फोकस थी। उन सभी नामों में रघुराज शाक्य भी थे। रघुराज शाक्य को शिवपाल यादव का बेहद करीबी माना जाता है। रघुराज बीजेपी में आने से पहले शिवपाल यादव की पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) में ही थे। इसी साल शुरुआती महीने में रघुराज शाक्य ने प्रसपा छोड़ बीजेपी का दामन थाम था। बता दें, रघुराज शाक्य दो बार सांसद भी रह चुके हैं।

दो बार सांसद रहे हैं रघुराज शाक्य

शिवपाल यादव की पार्टी प्रसपा में रघुराज को बड़े पद से नवाजा गया था। रघुराज शाक्य प्रसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष थे। मगर, इससे पहलेर रघुराज शाक्य 1999 और 2004 में सपा के टिकट पर इटावा से सांसद चुने गए थे। इसके अलावा 2012 में जब यूपी में सपा की लहर थी तब वो इटावा सदर सीट से विधानसभा चुनाव जीतकर सदन पहुंचे थे। मगर, 2017 में रघुराज शाक्य ने समाजवादी पार्टी छोड़ दी। रघुराज को शिवपाल यादव गुट का माना जाता था। सपा छोड़ने के बाद वो प्रसपा में शामिल हो गए। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में रघुराज शाक्य ने इटावा सदर सीट से अपनी दावेदारी पेश की। लेकिन, सपा ने यहां से सर्वेश शाक्य को मैदान में उतार दिया। तब रघुराज ने प्रसपा का साथ छोड़ बीजेपी का कमल थाम लिया। जिसका फल अब मिला और बीजेपी ने रघुराज को मैनपुरी लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है।

Tags:    

Similar News