Chitrakoot News: पति, पत्नी के बीच आई ‘वो’ और हुआ मर्डर, जीवनसंगिनी का हत्यारोपी पति गिरफ्तार

Chitrakoot News: भरतकूप थाना क्षेत्र के घुरेटनपुर गांव में मंगलवार को तड़के करीब साढ़े चार बजे किसी दूसरे से नाजायज संबंधों का विरोध करने पर पति ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पत्नी को गोली मार दी। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

Update: 2023-06-13 12:36 GMT
पति ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पत्नी को गोली मार दी: Photo- Newstrack

Chitrakoot News: भरतकूप थाना क्षेत्र के घुरेटनपुर गांव में मंगलवार को तड़के करीब साढ़े चार बजे किसी दूसरे से नाजायज संबंधों का विरोध करने पर पति ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पत्नी को गोली मार दी। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने हत्यारे पति को रिवाल्वर समेत दबोच लिया। मृतका के भाई ने बहनोई के खिलाफ नामजद हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। घटना की पुलिस जांच कर रही है।

कलेक्ट्रेट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है आरोपित

घुरेटनपुर निवासी उमेश पटेल मुख्यालय कर्वी स्थित कलेक्ट्रेट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के तौर पर नियुक्त है। वह चमडा मंडी के पास अपने भाई के साथ रह रहा था। जबकि पत्नी सुनीता (40) अपने तीनों बच्चों के साथ घुरेटनपुर में ही रह रही थी। बताते हैं कि उमेश पटेल सोमवार को गांव के ही पास किसी निमंत्रण में शामिल होने गया था। रात में वह अपने घर घुरेटनपुर पहुंचा। वह देर रात वापस कर्वी आना चाह रहा था। जिस पर पत्नी ने रात में जाने से मना किया। रात में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। जिसमें पत्नी ने पति पर किसी दूसरे से नाजायज संबंध होने के आरोप लगाए। इसी बात पर हुए विवाद के बाद उमेश ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पत्नी सुनीता की गर्दन में गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर ढेर हो गई। इधर, फायर की आवाज हुई तो परिजन दौड़कर पहुंच गए। परिजनों की सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने उमेश पटेल को रिवाल्वर समेत दबोच लिया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायका पक्ष से भी लोग पहुंच गए।

पत्नी कई महीनों से कर रही थी नाजायज संबंधों का विरोध

मृतका के भाई सुनील पटेल निवासी खरहा थाना चित्रकूट ने बताया कि उसके बहनोई उमेश के कर्वी में किसी दूसरी महिला से संबंध थे। जिसका उसकी बहन सुनीता कई माह से विरोध कर रही थी। उनके पास भी यह बात आई थी, जिस पर काफी समझाया गया, लेकिन बहनोई नहीं माने। आरोप लगाया कि बहन की हत्या करने के बाद भी बहनोई उन लोगों को हत्या की धमकियां दे रहा था। थाना प्रभारी सूबेदार बिंद का कहना है कि मृतका के भाई की तहरीर पर उमेश पटेल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपित रिवाल्वर समेत पुलिस हिरासत में हैं। उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

Tags:    

Similar News