Sonbhadra News: महंगाई के खिलाफ MP दफ्तर पर जुटीं कांग्रेसी महिलाएं, ऐसे किया अनोखा विरोध प्रदर्शन

Sonbhadra News: महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटटा डिसूजा और प्रदेश अध्यक्ष शहला अहरारी के आह्वान पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को अनोखे प्रदर्शन के जरिए महंगाई का विरोध जताया।

Update: 2023-03-12 14:10 GMT

सोनभद्र: महंगाई के खिलाफ MP दफ्तर पर जुटीं कांग्रेसी महिलाएं, ऐसे किया अनोखा विरोध प्रदर्शन

Sonbhadra News: महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटटा डिसूजा और प्रदेश अध्यक्ष शहला अहरारी के आह्वान पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को अनोखे प्रदर्शन के जरिए महंगाई का विरोध जताया। कमरतोड़ महंगाई के विरोध में ‘सांसद जगाओ अभियान’ के तहत जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे के अगुवाई में रविवार को रॉबर्ट्सगंज सांसद पकौड़ीलाल के उरमौरा स्थित कार्यालय पर थाली पीटकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा गया।

महिलाएं बोलीं- घर चलाना है मुश्किल!

महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे ने कहा कि बीजेपी सरकार में महंगाई चरम पर है। कमरतोड़ महंगाई ने लोगों का घर चलाना मुश्किल कर दिया है। अंतर्राष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की कम कीमत होने के बाद पर भी डीजल, पेट्रोल के दामों में वृद्धि से किसान और आमजन परेशान हैं। कांग्रेस सरकार में सिलेंडर 350 रुपये में मिलता था। वहीं बीजेपी सरकार ने सात सालों में सिलेंडर के दाम में कई गुना बढ़ोतरी कर दी है।

जिला उपाध्यक्ष विमला देवी, शांति, प्रेमलता मिश्रा, नीलम, सीमा, निर्मला देवी सोमरी, सुमन विश्वकर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार में मुद्रास्फीति बढ़ने पर ‘महंगाई डायन’का नारा देकर सड़क से लेकर संसद तक हल्ला मचाने वाले बीजेपी के नेता अपनी सरकार में मौन हैं। महंगाई कम करने का वादा कर सत्ता हासिल करने वाली मोदी सरकार में महंगाई सातवें आसमान पर पहुंच गई है। बीजेपी सरकार महंगाई रोकने में फेल साबित हुई है।

इस दौरान शांति देवी, बसंती, चंपा, मुनक्का, लवली, किरण, नीतू, तेतरी देवी, कबूतरी, चमेली देवी, पिंकी, रीमा, काजल, राजकुमारी, पूनम आदि ने कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपाई सांसदों को जगाया जाए, ताकि 13 मार्च को शुरू हो रहे संसद सत्र में जनता के हित में महंगाई पर चर्चा की जा सके। वरना हमारे सांसद इधर-उधर के मुद्दों को उठाते रहेंगे और आम जनता का ये मुद्दा पीछे छूट जाएगा।

Tags:    

Similar News