Deoria Firing: सरेआम फायरिंग से थर्राया देवरिया, अराजक तत्वों ने हवा में बरसायी गोलियां

Deoria Firing: अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग भयभीत हो गए। बदमाश फायरिंग कर फिर वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

Update: 2023-08-12 03:08 GMT
Deoria Firing (photo: social media )

Deoria Firing: यूपी पुलिस की सख्ती के बावजूद प्रदेश में मनबढ़ों के हौंसले बुलंद हैं। अराजक तत्वों और बदमाशों के पास मौजूद अवैध हथियार अपराध का सबसे बड़ा कारण बन रहे हैं। शुक्रवार देर शाम देवरिया में एक ऐसी ही घटना घटी, जब कुछ अराजक तत्वों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। सरेआम हुई इस घटना से इलाके में अफरा तफरी मच गई। लोग अपनी घरों में दुबक गए।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के RBT स्कूल के पास की है। स्कूल के बाहर जमा हुए मनबढ़ों ने अचानक गोली चलानी शुरू कर दी। जिससे आसपास हड़कंप मच गया। अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग भयभीत हो गए। बदमाश फायरिंग कर फिर वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

CO ,SHO घटना की जांच पड़ताल में जुट गए हैं। घटनास्थल की छानबीन की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है। ताकि बदमाशों की शिनाख्त की जा सके। सीओ ने कहा कि दहशत पैदा करने के उद्देश्य से फायरिंग करने वाले मनबढ़ों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कानून के मुताबित सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बाइक सवार दो गुट में बहस

प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार दो गुट मौके पर पहुंचे थे। थोड़ी देर में दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। एक पक्ष दूसरे पक्ष से हाथापाई पर उतारू हो गया। इस बीच गुट में शामिल एक युवक ने असलहे से फायरिंग कर दी। इसके कारण अफरातफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात ये रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। कुछ स्थानीय लोग जब फायरिंग करने वाले की ओर बढ़ने लगे तो सभी बदमाश वहां से भाग खड़े हुए। इसके बाद लोगों ने कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी।

कुल मिलाकर देवरिया में सरेआम हुई इस घटना ने बता दिया है कि यूपी पुलिस को अभी भी मनबढ़ों पर नकेल कसने के लिए काफी कुछ करना होगा। खासकर उनके पास मौजूद अवैध असलहों को बरामद करना होगा।

Tags:    

Similar News