Earth Hour Day 2024: आज एक घंटे अंधेरे में डूबा लखनऊ ! 'अर्थ आवर डे' पर राजभवन की सभी लाइट एक घंटे रही बंद

Earth Hour Day 2024: दुनियाभर में पहली बार अर्थ आवर डे 31 मार्च 2007 को सिडनी में मनाया गया था। आज भारत सहित 172 देशों में अर्थ आवर डे मनाया जाता है।

Written By :  aman
Update: 2024-03-23 15:47 GMT

लखनऊ में राजभवन की लाइट बंद रही (Photo: आशुतोष त्रिपाठी)

Earth Hour Day 2024: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत पूरी दुनिया शनिवार (24 मार्च) को एक घंटे के लिए अंधेरे में डूब गई। रात 8:30 से 9:30 बजे तक 'अर्थ आवर डे' (Earth Hour Day) के रूप में मनाया गया। इसी अवसर पर राजभवन की लाइट एक घंटे के लिए बंद रही।

आपको बता दें, 'अर्थ आवर डे' हर वर्ष मार्च के आखिरी शनिवार को मनाया जाता है। इस खास दिन दुनिया भर में करोड़ों लोग एक घंटे के लिए लाइट बंद रखते हैं। इसे मनाने के पीछे मुख्य उद्देश्य पृथ्वी पर बेहतर पर्यावरण और ऊर्जा को बनाए रखना है। यह दिन एकता का संदेश भी देता है। 

घरों-दफ्तरों में बंद रही लाइट 

अर्थ आवर डे (Earth Hour Day) के मौके पर राजधानी लखनऊ में ऊर्जा संरक्षण के लिए लोगों ने 1 घंटे तक अपने घरों-दफ्तरों की लाइट बंद रखी। ज्ञात हो कि, इस दिन बिजली की बेवजह बर्बादी रोकने की अपील की जाती है।    

क्या है अर्थ आवर डे? (Earth Hour Day)

वर्ल्ड वाइड फंड (WWF) फॉर नेचर संस्‍था की तरफ से हर वर्ष 'अर्थ आवर डे' (Earth Hour Day) दुनियाभर में मनाया जाता है। इसके तहत दुनियाभर के लोग 1 घंटे के लिए बिजली की खपत रोक देते हैं। हर साल करोड़ों की संख्या में लोग इस कार्यक्रम का शरीक होते हैं। पर्यावरण की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए सहयोग देते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत रात 08:30 बजे से 09:30 तक होती है। कोई भी शख्स इस मुहिम का हिस्सा बन सकता है। इच्छुक रात 8.30 बजे से 9.30 बजे के बीच स्वेच्छा से अपने घरों-दफ्तर में गैर जरूरी बिजली उपकरणों को बंद रख सकते हैं। 

'अर्थ आवर डे' का क्या है उद्देश्य?

 'अर्थ आवर डे' का उद्देश्य प्रकृति के नुकसान को रोकना है। साथ ही, मानव भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना है। हर साल इस दिन एक घंटे के लिए बिजली बचाने का असर लोगों को भविष्य में लंबे समय तक दिखेगा।

Tags:    

Similar News