Gorakhpur: योगी की अगुवाई में गोरखपुर में बना रिकॉर्ड, सभी सीटों पर भाजपा प्रत्याशी जीते

Gorakhpur: भाजपा प्रत्याशी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सीट पर तीन दशक से छाया भगवा रंग इस चुनाव में और चटक हुआ है।

Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2022-03-10 15:51 GMT

up election 2022 cm yogi public meeting in chandauli attacks on sp bsp

Gorakhpur: गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सीट पर तीन दशक से छाया भगवा रंग इस चुनाव में और चटक हुआ है। योगी ने चुनाव में सपा प्रत्याशी सुभावती शुक्ला को एक लाख तीन हजार से अधिक मतों के अंतर से परास्त कर पूर्वी यूपी में मार्जिन का भी रिकार्ड बनाया है। यही नहीं योगी की अगुवाई में भाजपा ने जिले की सभी नौ सीटों पर भगवा ध्वज फहरा दिया है।

गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र पर 1989 के विधानसभा चुनाव से ही भगवा रंग छाया हुआ है। 1989 से लेकर अब तक हुए चुनाव में एक बार 2002 में योगी समर्थित हिन्दू महासभा के प्रत्याशी डा. राधामोहन दास अग्रवाल ने जीत हासिल की थी, तब भी जीत का रंग भगवा ही था।

अनुमान भी सटीक निकला

इस सीट से पूर्व मंत्री शिव प्रताप शुक्ल चार बार तथा डा. अग्रवाल चार बार जीत हासिल कर चुके हैं। इस चुनाव में भाजपा ने सीएम योगी को प्रत्याशी बनाया था, जिनकी सीट प्रत्याशिता तय होने के साथ ही सुनिश्चित मानी जा रही थी।

यह अनुमान भी पहले से लगाया जा रहा था कि योगी एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीतेंगे। अनुमान भी सटीक निकला। योगी आदित्यनाथ ने न सिर्फ जिले में बल्कि गोरखपुर क्षेत्र में जीत के अंतर का रिकार्ड बनाया है।

पिछले चुनाव में भाजपा ने जिले की नौ में से आठ सीटों पर जीत का परचम फहराया था। इस चुनाव में जीत का यह सिलसिला नौवें सीट पर पहुंच गया। सभी नौ सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल कर इसे सीएम योगी की अगुवाई वाला भगवा किला साबित कर दिया है।

चुनावी घमासान के दौरान यह चर्चा थी कि समाजवादी पार्टी जिले में तीन से चार सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। पर, परिणाम सामने आते ही यह कयासबाजी धराशायी हो गई। भाजपा ने गत चुनाव में जीत से शेष रही चिल्लूपार की सीट भी जीत ली है। गत चुनाव में यहां से बसपा के टिकट विधायक चुने गए विनय शंकर तिवारी इस बार सपा के प्रत्याशी थे।

गत चुनाव में उनसे हारने वाले भाजपा प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी ने इस बार उनसे यह सीट छीन ली है। भाजपा के अन्य प्रत्याशियों में पिपराइच से महेंद्रपाल सिंह, कैम्पियरगंज से फतेह बहादुर सिंह, चौरीचौरा से श्रवण निषाद, बांसगांव सुरक्षित से डा. विमलेश पासवान, खजनी सुरक्षित से श्रीराम चौहान, सहजनवा से प्रदीप शुक्ला, गोरखपुर ग्रामीण से विपिन सिंह शामिल हैं।

Tags:    

Similar News