Gorakhpur News: दुष्कर्म आरोपित को छुड़ाया, मां बहनों ने फोड़ दिया दारोगा सिपाही का सिर, मचा हड़कम्प

Gorakhpur News: देर रात एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने नर्सिंग होम पहुंचकर डॉक्टरों से बातचीत कर घायलों का हाल जाना। दोनों की हालत गंभीर है, लेकिन खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

Update:2024-10-24 08:15 IST

दुष्कर्म आरोपित को छुड़ाया, मां बहनों ने फोड़ दिया दारोगा सिपाही का सिर  (photo: social media )

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दुष्कर्म के मामले के आरोपित के घर दबिस देने गई पुलिस पर घर के लोगों ने हमला कर दिया है। जिसमें दरोगा और सिपाही का सिर पट गया है। पुलिस वालों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। एसएसपी डॉ.गौरव ग्रोवर खुद पूरे मामले को देख रहे हैं।

कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज उर्फ हरनापुर गांव के टोला भरोहिया में बुधवार की देर शाम पुलिस टीम पर हमला कर दुष्कर्म के आरोपित को घरवाले ने भगा दिया। पथराव से प्रशिक्षु दरोगा सचिन कुमार (28), सिपाही अजीत कुमार (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस वालों ने भागकर जान बचाई। दोनों को पैडलेगंज के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। देर रात एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने नर्सिंग होम पहुंचकर डॉक्टरों से बातचीत कर घायलों का हाल जाना। दोनों की हालत गंभीर है, लेकिन खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। कैंपियरगंज इलाके के गोपालगंज गांव निवासी एक शख्स ने बेटी संग दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए गांव के राहुल निषाद पुत्र राजेश पर केस दर्ज कराया था। चार दिन पहले दर्ज किए गए केस में पुलिस आरोपित राहुल निषाद की तलाश में जुटी थी। बुधवार की शाम में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित राहुल अपने घर पर आया हुआ है। इस सूचना पर दरोगा सचिन सिंह साथी सिपाही अजीत के साथ आरोपित के घर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि आरोपित राहुल को पकड़ ली थी। उसे गिरफ्तार कर पुलिस थाने ले जा रही थी कि पीछे से आरोपित के घरवालों ने ईंट से पथराव कर दिया। सिर पर चोट लगने की वजह से दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। लहूलुहान पुलिस वालों ने भागकर जान बचाई। इस बीच सूचना पाकर थाने से फोर्स गांव में पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भेजा गया। दोनों का नर्सिंग होम में उपचार चल रहा है। बता दें कि राहुल निषाद पर इसके पहले भी दुष्कर्म का आरोप लग चुका है। तब भी गांव की एक किशोरी ने केस दर्ज कराया था और वह जेल भी गया था। इसके अलावा एक मारपीट का मामला भी उस पर दर्ज है। कुल तीन मुकदमे आरोपित राहुल पर दर्ज है। ताजा मामला शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का है, जिसमें पुलिस गिरफ्तारी करने के लिए गई थी।

दुष्कर्म के आरोपित की मां और बहन गिरफ्तार

पुलिस पर हमला करने की आरोपित की मां कौशल्या देवी, बहन प्रीति व प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया। तीनों पर पुलिस पर हमला करने का आरोप है। इस मामले में एक अलग से केस दर्ज किया जाएगा। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। एसएसपी का कहना है कि कैंपियरगंज में पुलिस दुष्कर्म के आरोपित को पकड़ ली थी, तभी घरवालों ने पत्थर से हमला कर दिया। घटना में दो पुलिस वालों को चोटें आई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। हमला करने की तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने हल्के में लिया

कैंपियरगंज इलाके के गोपालगंज उर्फ हरनापुर गांव में दो महीने से विवाद चल रहा है, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। करीब दो महीने पहले ही दुष्कर्म के आरोपित राहुल के पिता राजेश ने एक दीवाल बनाई थी, जिससे गांव वालों का रास्ता ही बंद हो गया था। पुलिस ने इस दीवाल को प्रशासन की टीम की जांच के बाद तोड़वा दिया था, लेकिन गांव में तभी से चल रही तना-तनी को पुलिस भाप नहीं पाई। जबकि, इसी गांव में 2016 में दरोगा पर हमला कर उसकी पिस्टल छीन ली गई थी। घटना के बाद पुलिस फोर्स की चहलकर्मी से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के कई घरों के पुरुष घर छोड़कर फरार हो गए है। महिलाएं घरों में है और खुद के घरवालों के बेगुनाह होने की बात बोल रही है। उधर, एसएसपी ने पूरे मामले को गंभीरता को लेते हुए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी है। यह टीमें आरोपित राहुल के गिरफ्तारी के लिए लगी हुई है।

मनबढ़ है राहुल निषाद

आरोपित राहुल निषाद काफी मनबढ़ किस्म का है। इस वजह से गांव वालों भी इससे परेशान है। अगस्त में राजेश ने रास्ता बंद कर निर्माण काम करवा दिया था। इसके बाद गांव वालों ने विरोध किया तो उलझ गया था। तब गांव वालों ने पुलिस से मदद मांगी थी और पुलिस टीम प्रशासनिक टीम के साथ जांच करने पहुंची तो पता चला था कि इंटरलाकिंग सड़क को अवरुद्ध कर दिया गया था। उस निर्माण को तोड़ा गया था। तब भी राहुल का नाम आया था, लेकिन पुलिस ने ध्यान नहीं दिया। बाद में दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद आरोपित फरार हो गया। बुधवार को गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर विवाद हो गया। अब पुलिस आरोपितों की तलाश में लगी है।

Tags:    

Similar News