Gorakhpur News: पिता के बाद बेटे को कुत्ते ने काटा, दौड़ाकर मार दी गोली

Gorakhpur News: कुत्ते को गोली मारने की घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। मोहल्ले में अचानक गोली की आवाज सुनकर लोग चौंक गए। लोग घरों से बाहर निकल गए। लोगों ने देखा कुत्ता खून से लथपथ जमीन पर पड़ा है।

Update: 2024-02-12 14:49 GMT

Gorakhpur News (Pic:Newstrack)

Gorakhpur News: यूपी के गोरखपुर में सहारा स्टेट कालोनी में कुत्ते के काटने के बाद एक युवक ने आपा खो दिया। उसने आवारा कुत्ते को दौड़ाकर लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी। कुत्ते ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपी युवक के कृत्य पर लोग दो पक्षों में बंटे हुए है। एक पक्ष दलील दे रहा कि पशु को गोली मारना ठीक नहीं है। वहीं दूसरा पक्ष कह रहा है कि नगर निगम की अनदेखी से पूरे शहर में आवारा कुत्तों का आतंक है। कुत्ते बच्चों को नोंच ले रहे हैं।

कुत्ते को गोली मारने की घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। मोहल्ले में अचानक गोली की आवाज सुनकर लोग चौंक गए। लोग घरों से बाहर निकल गए। लोगों ने देखा कुत्ता खून से लथपथ जमीन पर पड़ा है। इसी दौरान पशुओं की देखभाल करने वाले एक एनजीओ के प्रतिनिधि ने खोराबार पुलिस को फोन कर दिया। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने बताया कि सहारा स्टेट के मल्लाहर कालोनी निवासी एक युवक को दो दिन पहले लावारिस कुत्ता काट लिया था। इसके बाद रविवार को वहीं कुत्ता युवक के बेटे को काट लिया।

युवक कुत्ते को खोज रहा था कि सोमवार को दोपहर बाद कुत्ता दिखाई दे दिया। युवक ने आपा खो दिया और अपने लाइसेंस असलहा से कुत्ते को दौड़ाकर गोली मार दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पशुओं को गोली मारना कतई जायज नहीं है। लेकिन पूरे शहर में आवारा कुत्तों से लोग परेशान हैं। पिछले दिनों सिविल लाइंस वार्ड में एक जज की शिकायत के बाद नगर निगम ने कुछ कुत्तों का नसबंदी कर दिया। लेकिन आम लोग रोज कुत्ते के आतंक का शिकार हो रहे हैं। उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

कुत्ते के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

इंस्पेक्टर खोराबार विजय कुमार सिंह का कहना है कि पूछताछ में पता चला कि कुत्ते ने दो दिन पहले एक युवक को काट लिया था। इसके बाद उसके बेटे को भी कुत्ते ने घायल कर दिया। एनजीओ की तहरीर पर अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। कुत्ते के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 

Tags:    

Similar News