Gorakhpur: बेटों ने किया पिता को बेदखल, एसएसपी के पास पहुंचे बुजुर्ग ने कहा, इनका डीएनए जांच हो, ये मेरे औलाद नहीं

Gorakhpur News: बुजुर्ग ने दावा किया कि दोनों बेटे भी रिश्तेदार के ही हैं। डीएनए जांच करने के लिए उसने कोर्ट में भी एक प्रार्थना पत्र दिया है।

Update:2024-10-26 09:29 IST

Gorakhpur News  (photo: social media )

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुलिस एक अजीबो गरीब मामले को लेकर परेशान है। एसएसपी डॉ.गौरव ग्रोवर के पास 65 साल के बुजुर्ग की फरियाद पहुंची है। उसका कहना है कि दोनों बेटों ने उसे बेदखल कर दिया है। असलियत में वे दोनों मेरी पत्नी के गर्भ से ही जन्में हैं। वे रिश्तेदार के बच्चे हैं। पुलिस फरियाद को लेकर घनचक्कर बन गई है।

गोरखपुर के चिलुआताल क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग को उनके दोनों बेटों ने घर से बेदखल कर दिया है। बेटों की इस हरकत के बाद पिता ने एसपी नार्थ को प्रार्थना पत्र देकर डीएनए जांच की गुहार लगाई है। उसने बताया कि उसकी पत्नी का एक रिश्तेदार से चक्कर है। बुजुर्ग ने दावा किया कि दोनों बेटे भी रिश्तेदार के ही हैं। डीएनए जांच करने के लिए उसने कोर्ट में भी एक प्रार्थना पत्र दिया है। बुजुर्ग पिता ने आरोप लगाया कि रिश्तेदार व बेटों के साथ मिलकर पत्नी पूरी जायदाद पर कब्जा करना चाहती है। उन्होंने बताया कि यह मामला कोर्ट में भी गया था। कोर्ट ने भी बेटों को खर्च देने के लिए कहा था। इसके बाद भी उन्हें कुछ नहीं दिया गया। मजबूरी में अकेले घर पर रह रहे हैं। एसपी नार्थ जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि बुजुर्ग ने प्रार्थना पत्र दिया है। यह गंभीर प्रकरण है। इसकी जांच करवाई जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। - जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, एसपी उत्तरी

कचहरी में स्टांप बेचता है बुजुर्ग

चिलुआताल के एक गांव का बुजुर्ग स्टांप बेचता है। उसने बताया कि उसका दो जगह पर मकान है। एक मकान में उसकी पत्नी दोनों बेटों और बहुओं के साथ रहती है। एक मकान पर वह अकेला रहता है। दोनों मकान उसके नाम से ही है। उसके मकान में रहने के बाद भी बेटे उसे घर खर्च नहीं देते हैं। बुजुर्ग ने बताया कि कोरोना काल में ही पत्नी के चरित्र पर शक हुआ। इसके बाद दूरी बढ़ती गई। आरोप लगाया कि सभी मिलकर संपत्ति हड़पने का प्रयास करने लगे। तब 2022 में मैंने कोर्ट में दोनों बेटों की डीएनए जांच कराने के लिए एक प्रार्थना पत्र दिया। जिसपर सुनवाई 11 नवंबर को होनी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जांच होने पर उनकी पत्नी और बेटों की पोल खुल जाएगी। उन्होंने एसपी उत्तरी को बताया कि उन्हें जान का भी खतरा है। उन्हें सुरक्षा मिले।

Tags:    

Similar News