Vande Bharat Train: गोरखपुर से आगरा तक स्लीपर वंदेभारत का प्रस्ताव, जयपुर में लगेगी मुहर

Vande Bharat Train: प्रस्ताव के अनुसार आगरा फोर्ट वंदे भारत स्लीपर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह ट्रेन 10 घंटे में आगरा पहुंचा देगी।

Update: 2024-04-07 02:24 GMT

Vande Bharat Train (Pic: Social Media)

Vande Bharat Train: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से ताजनगरी आगरा के बीच स्लीपर वंदेभारत ट्रेन चलाने की तैयारी है। पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सौम्या माथुर ने इस पर सहमति दे दी है। इस प्रस्ताव पर आगामी 10 से 12 अप्रैल तक जयपुर में होने वाली आईआरटीटीसी (इंडियन रेलवे टाइम टेबल कमेटी) की बैठक में समय सारिणी को लेकर मंथन होगा। इस बैठक में गोरखपुर से दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत पर भी चर्चा होनी है। बैठक में रेलवे बोर्ड के साथ गोरखपुर मुख्यालय के परिचालन विभाग के अफसर शामिल होंगे।

प्रस्ताव के अनुसार आगरा फोर्ट वंदे भारत स्लीपर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह ट्रेन 10 घंटे में आगरा पहुंचा देगी। गोरखपुर से इस ट्रेन को शाम सात बजे चलाने की तैयारी है, जो अगले दिन सुबह 5 बजे आगरा पहुंच जाएगी। वर्तमान में अवध एक्सप्रेस आगरा तक पहुंचने में 13 घंटे का समय लेती है। इसका स्टापेज बाराबंकी, ऐशबाग और कानपुर सेंट्रल निर्धारित किया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि टाइम टेबल कमेटी की बैठक में एनईआर की ओर से पेश किए जाने वाले इस ट्रेन का प्रस्ताव पर रूट में पड़ने वाले सभी रेल जोन मंथन करेंगे। अगर बैठक में सहमति बन गई तो जुलाई में जारी होने वाली समय सारिणी में इसे शामिल कर लिया जाएगा।

12 घंटे में तय होगा दिल्ली का सफर

गोरखपुर से दिल्ली तक जल्द स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का संचालन हो सकता है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया है। वंदे भारत ट्रेन से गोरखपुर से दिल्ली का सफर सिर्फ 12 घंटे में तय होगा। इस प्रस्ताव पर आगामी 12 अप्रैल को जयपुर में मुहर लग सकती है। पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधन सौम्या माथुर ने गोरखपुर से नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत चलाने के प्रस्ताव पर सहमति दे दी है। रेलवे ने जो प्रस्ताव तैयार किया है उसके मुताबिक, नई दिल्ली-वंदेभारत स्लीपर सप्ताह में तीन दिन चलेगी। यह ट्रेन 12 घंटे में ही दिल्ली पहुंचा देगी। वंदेभारत को गोरखपुर से रात 10 बजे चलाने की तैयारी है। अगले दिन सुबह 10 बजे ट्रेन नई दिली पहुंच जाएगी। 

Tags:    

Similar News