Hamirpur: जल शक्ति मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, लोगों का जाना हाल

Hamirpur News: जल शक्ति विभाग मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनपद के यमुना एवं बेतवा नदियों में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का हेलीकॉप्टर के माध्यम से हवाई सर्वेक्षण किया।

Report :  Ravindra Singh
Update: 2022-08-30 11:44 GMT

बाढ़ प्रभावितों को हाल जानते हुए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह। 

Click the Play button to listen to article

Hamirpur: जल शक्ति विभाग मंत्री स्वतंत्र देव सिंह (Jal Shakti Department Minister Swatantra Dev Singh) ने जनपद हमीरपुर के यमुना एवं बेतवा नदियों में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का आज हेलीकॉप्टर के माध्यम से हवाई सर्वेक्षण किया, अस्थाई बाढ़ राहत केंद्र में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों से उनका कुशलक्षेम पूछा तथा उन्हें बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया।

मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण

मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के पश्चात पुलिस लाइन में उतरकर सर्वप्रथम कुछेछा स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बने अस्थाई बाढ़ राहत केंद्र पहुंच कर वहां पर बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच जाकर उनका हालचाल जाना। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित ना हो ,इसके लिए जिलाधिकारी डॉ चंद्र भूषण (District Magistrate Dr. Chandra Bhushan) द्वारा बाढ़ प्रभावित बच्चों के लिए राहत केंद्र में ही शुरू किए गए क्लासरूम / स्टडी सेंटर का मा मंत्री ने मुआयना किया तथा वहां संचालित क्लास में बच्चों से उनकी पढ़ाई के बारे में तथा उन्हें समय से भोजन पानी तथा अन्य सुविधाएं मिल रही अथवा नहीं? के बारे में जानकारी प्राप्त की। 


मंत्री ने जिला प्रशासन की इस व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की। तदुपरांत आश्रय स्थल में निवासरत बाढ़ पीड़ितों से मिलकर जिला प्रशासन द्वारा दी जा रही बाढ़ राहत सुविधाओं यथा भोजन , पानी ,स्वास्थ्य सेवा आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। सभी के द्वारा समय समय पर भोजन पानी दवा ,पशुओं के लिए चारा आदि मिलने की बात बताई गई।

48 परिवारों को वितरित की राहत सामग्री

इस मौके पर मंत्री द्वारा बाढ़ से प्रभावित 48 परिवारों के लिए एक माह के लिए दो प्रकार की राहत सामग्री वितरित की गई। पहले राहत सामग्री में आटा, आलू, सरसों का तेल, मोमबत्ती, माचिस, साबुन, मसालें आदि से युक्त पैकेट का वितरण किया गया। दूसरे में लइया, भुना चना ,गुड आदि का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त आवश्यक/जीवन रक्षक दवाओं का पैकेट भी उपलब्ध कराया जा रहा हैं।


सरकार आपदा से निपटने के लिए कर रही हर सम्भव प्रयास: मंत्री

इस दौरान मंत्री ने कहा कि भारी बारिश एवं बांधों से छोड़े गए पानी के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई हैं। कहा कि सरकार आपदा से निपटने हेतु हर सम्भव प्रयास कर रही है तथा मुख्यमंत्री  द्वारा बाढ़ की नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है तथा उनके द्वारा कहा गया है किसी गांव में किसी व्यक्ति को जरा सा भी परेशानी नहीं होनी चाहिए। बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार आपके साथ है, बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में हर तरह की आवश्यक सामग्री आम जनमानस तक पहुचाई जायेगी। कहा कि युद्धस्तर पर राहत कार्य पहुंचाए जाएं तथा विभिन्न प्रकार की त्वरित गति से सहायता पहुंचे ,इसी के लिए मुख्यमंत्री  द्वारा उन्हें भेजा गया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को किसी भी प्रकार की जरा सी भी समस्या है तो बताएं, तत्काल समाधान कराया जाएगा।


उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि युद्ध स्तर पर साफ-सफाई ,फागिंग ,एंटी लारवा के छिड़काव एवं अन्य कार्य किए जाएं। घर-घर तक राहत सामग्री पहुंचाई जाए, बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद किया जाए। जनपद में एनजीओ ,व्यापार मंडल तथा अन्य स्वयंसेवी संगठनों द्वारा बाढ़ पीड़ितों की की जा रही मदद पर मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर सांसद हमीरपुर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, सदर विधायक मनोज कुमार प्रजापति, सचिव एवं राहत आयुक्त उत्तर प्रदेश शासन रणवीर प्रसाद, डीएम डॉ चंद्र भूषण, एसपी शुभम पटेल, बीजेपी जिला अध्यक्ष ब्रज किशोर गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रमेश चंद्र ,मुख्य विकास अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्रा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष कुलदीप कुमार निषाद ,अन्य संबंधित अधिकारी तथा पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News