Hapur News: दशहरा पर घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओ की भीड़, ब्रजघाट में चार लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
Hapur News: गंगा घाट हर-हर गंगे के जयकारों से गुंजायमान रहे। सबसे ज्यादा भीड़ गढ़मुक्तेश्वर तीर्थ नगरी के ब्रजघाट पर देखने को मिल रही है। वहीं पुलिस व प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षा को देखते हुए गंगा की गहराई होने पर खतरे का निशान लगाते हुए बैरिकेडिंग की गई है।;
गंगा में आस्था की डुबकी लगाते श्रद्धालु (Pic: Newstrack)
Hapur News: यूपी के जनपद हापुड़ की गढ़मुक्तेश्वर तीर्थ नगरी के ब्रजघाट में ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर चार लाख से अधिक संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए पहुंचे। इस दौरान गंगा घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं ने पूजा -अर्चना की और बच्चों का मुंडन भी कराया। वहीं, गंगा के घाटों में ढ़ोल ताशों के बीच महिला श्रद्धालुओं ने कुआं पूजन भी किया। घाटों पर देर रात से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। ब्रजघाट के गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी हुई है। सिलसिला अभी जारी है। गंगा दशहरा के मौके पर हरियाणा, राजस्थान, यूपी के अन्य जनपदों से गंगा घाटों पर भी भारी भीड़ है।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओ ने की पूजा अर्चना
दरअसल, हर साल ज्येष्ठ शुक्ल दशमी तिथि को गंगा दशहरा का त्योहार मनाया जाता है। सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुसार, अपने पूर्वजों के उद्धार के लिए भागीरथ इसी दिन गंगा को धरती पर लेकर आए थे। तभी से गंगा दशहरा पर मां गंगा की पूजा और इसमें आस्था की डुबकी लगाने की परंपरा चली आ रही है। पुरानी मान्यता है कि गंगा दशहरा पर गंगा स्नान करने से देवता खुश होते हैं। इसी के चलते श्रद्धालुओ ने गंगा स्नान करने के बाद गंगा तट पर स्थित मंदिरों में पूजा अर्चना की और भोग लगाया।
घाटों पर पुलिस -प्रशासन के पुख्ता इंतजाम
गंगा घाट हर-हर गंगे के जयकारों से गुंजायमान रहे। सबसे ज्यादा भीड़ गढ़मुक्तेश्वर तीर्थ नगरी के ब्रजघाट पर देखने को मिल रही है। वहीं पुलिस व प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षा को देखते हुए गंगा की गहराई होने पर खतरे का निशान लगाते हुए बैरिकेडिंग की गई है। बोट में बैठकर पुलिस कर्मी व पीएसी की टीमें श्रद्धालुओं पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। इस दौरान गंगा तट पर अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए तरह-तरह के दुकानें और खिलौने से बाजार सजा हुआ है।