Hardoi News: हरदोई में बनेगा शहर का पहला पथ-वे, पैदल यात्रियों को मिलेगी राहत

Hardoi News: पर्यटन विभाग द्वारा इस कार्य को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजा था जिसके बाद स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही शहर का नुमाइश चौराहा नए रूप रंग में नजर आएगा।

Report :  Pulkit Sharma
Update:2024-10-27 16:42 IST

Hardoi News ( Pic- News Track)

Hardoi News: लखनऊ-शाहजहांपुर मार्ग अभी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधीन है। इस मार्ग के अंतर्गत शहर का नुमाइश चौराहा भी आता है। शहर के नुमाइश चौराहे पर लगी जल परियों और चौराहे के सौंदर्यकरण का कार्य पर्यटन विभाग द्वारा कराया जा रहा है।

पर्यटन विभाग द्वारा इस कार्य को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजा था जिसके बाद स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही शहर का नुमाइश चौराहा नए रूप रंग में नजर आएगा। नुमाइश चौराहे पर अब शहर का पहला पथ-वे भी बनाया जाना प्रस्तावित है। शहर का नुमाइश चौराहा 5 मार्गो से जुड़ा हुआ है। ऐसे में चौराहे के चारों ओर पथ-वे का निर्माण कराया जाएगा। यह पथ-वे सड़क से ऊंचा होगा जिससे पैदल आवागमन करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा इस पथ-वे का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है।

एक करोड़ से अधिक लागत से बनेगा नुमाइश चौराहा

उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास विभाग के प्रस्ताव पर शासन ने चौराहे के सुंदरीकरण के लिए 1 करोड़ 7 लाख 20 हजार रुपए के प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। शहर के नुमाइश चौराहे के चारों ओर पथ-वे का निर्माण कराया जाएगा। शहर का नुमाइश चौराहे पर यातायात का दबाव काफी अधिक रहता है। ऐसे में पथ-वे बन जाने से लोगों को काफी बड़ी राहत मिलेगी। पथ-वे के निर्माण से चौराहे के चारों ओर लगने वाला अतिक्रमण भी हटेगा और यातायात व्यवस्था में भी सुधार होने की उम्मीद है। नुमाइश चौराहे पर बनने वाले शहर के पहले पथ-वे पर लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। नुमाइश चौराहे पर बनने वाला पथ-वे सामान्य डामरीकृत मार्ग से करीब 6 इंच ऊंचा बनेगा जिससे पैदल चलने वालों को काफी लाभ मिलेगा। कार्य प्रभारी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम अनमोल कुमार ने बताया कि नुमाइश चौराहे पर काम कराए जाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र मिल गया है काम भी शुरू कर दिया गया है। चौराहे पर लाइटिंग अन्य सुंदरीकरण के काम कराए जाने हैं। पथ-वे का निर्माण भी जल्द होगा।

Tags:    

Similar News