Lok Sabha Election 2024: सपा में बढ़ी कलह, ज़िलाध्यक्ष व पूर्व ज़िलाध्यक्ष ने एक दूसरे पर लगाये गंभीर आरोप

Lok Sabha Election 2024: पूर्व जिला अध्यक्ष और वर्तमान जिला अध्यक्ष की ओर से एक दूसरे पर कई गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

Report :  Pulkit Sharma
Update: 2024-03-23 09:12 GMT

Hardoi News (Newstrack)

Lok Sabha Election 2024: हरदोई में समाजवादी पार्टी की कलह रुकने का नाम नहीं ले रही है। कलह के चलते समाजवादी पार्टी ने अपने जिला अध्यक्ष तक को बदल दिया। इसके बाद हरदोई समाजवादी पार्टी में अंतर कलह और बढ़ गई है। हरदोई समाजवादी पार्टी का जिला अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पार्टी कार्यालय पहुंचे जिला अध्यक्ष शराफत अली को कार्यालय में प्रवेश करने के लिए काफी देर तक बाहर ही इंतजार करना पड़ा। चर्चा है कि कार्यालय की चाबी पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के पास थी।

हालांकि, वीरेंद्र ने इस बात से इनकार कर दिया है। इसके बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार और गर्म हो गया है। पूर्व जिला अध्यक्ष और वर्तमान जिला अध्यक्ष की ओर से एक दूसरे पर कई गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव को 4 जून तक के लिए पार्टी के जिला अध्यक्ष पद से हटाया है और वीरेंद्र यादव को प्रदेश सचिव नियुक्त किया हैं।

हरदोई में लगातार समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच आपसी अलह होने की बात निकलकर सामने आ रही थी। हाल ही में पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव ने राजपाल कश्यप का नारा लगाने से नाराज होकर पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को कार्यालय से बाहर कर दिया था, जिसकी शिकायत भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से हुई थी। जिसके बाद ऐसा माना गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा कार्यवाही करते हुए जिला अध्यक्ष रहे वीरेंद्र यादव को हटाकर पूर्व जिला अध्यक्ष शराफत अली को एक बार फिर हरदोई समाजवादी पार्टी का जिला अध्यक्ष बनाया दिया। शराफत अली के जिला अध्यक्ष बनने के बाद ही दोनों नेता एक बार फिर आमने-सामने हो गए और जमकर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने शुरू कर दिये हैं।

जिला अध्यक्ष बनने के बाद पत्रकारों से रूबरू हुए शराफत अली ने हरदोई और मिश्रिख लोकसभा सीट की जीत का दावा किया। वहीं, वार्ता के दौरान कार्यालय से फर्नीचर, टीवी, एसी आदि के गायब होने की चर्चा भी जोरों से रही। चर्चा है कि पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव यह सब लेकर अपने साथ चले गए। हालांकि, वीरेंद्र यादव ने कहा कि वह सिर्फ निजी वस्तुएं लेकर गए हैं। अन्य कोई भी वस्तु उनके द्वारा नहीं ली गई है। उनके ऊपर आरोप बेबुनियाद हैं। पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव द्वारा समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष बने शराफत अली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीरेंद्र यादव ने अखिलेश यादव को व्हाट्सएप पर एक संदेश भेजें जाने की जानकारी दी है। वीरेंद्र यादव ने इसमें दावा किया है कि सपा कार्यालय में एक बैनर लगा था, जिसमें अखिलेश यादव और डिंपल यादव की फोटो के साथ मुलायम सिंह यादव रामगोपाल यादव समेत अन्य कई नेताओं की फोटो लगी थी।

वीरेंद्र यादव का आरोप है कि नवनियुक्त जिला अध्यक्ष शराफत अली, पूर्व जिला अध्यक्ष जीतू वर्मा और विकास यादव ने बैनर फाड़कर पैरों से रौंद दिया है। वीरेंद्र यादव ने इन लोगों के खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई की मांग राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से की है। इसके जवाब में जिला अध्यक्ष शराफत अली ने पूर्व जिला अध्यक्ष द्वारा लगाए गए सारे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। ऐसे में जब सपा में दो फाड़ की स्थिति हो तो लोकसभा चुनाव सपा के लिए मुश्किलों भरा होगा।  

Tags:    

Similar News