Hardoi: अब जाम से मिलेगी राहत, ई-रिक्शा चालक निर्धारित रूट पर कर सकेंगे संचालन

Hardoi: जिले में जाम की स्थिति दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है। जाम का प्रमुख कारण शहर में अतिक्रमण और ई रिक्शा की भरमार है।

Report :  Pulkit Sharma
Update: 2024-03-06 08:19 GMT

हरदोई में ई-रिक्शा चालक निर्धारित रूट पर कर सकेंगे संचालन (न्यूजट्रैक)

Hardoi News: जिले में जाम की स्थिति दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है। जाम का प्रमुख कारण शहर में अतिक्रमण और ई रिक्शा की भरमार है। शहर में चल रहे ई रिक्शा मनमाने तरीके से सवारी को बैठाने के लिए अपने वाहन को खड़ा कर देते हैं। कई बार ई-रिक्शा के मन माने तरीके से चलने पर लोग हादसे का शिकार भी हो जा रहे हैं। दिन पर दिन शहर में ई-रिक्शा की तादाद बढ़ती जा रही है। जो जाम का प्रमुख कारण भी बन रही है।

शहर का जिंदपीर चौराहा हो या सिनेमा चौराहा या फिर नुमाइश चौराहा चारों ओर शहर जाम से परेशान है। कई बार जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किए गए लेकिन प्रयास काम नहीं आये। एक बार फिर हरदोई पुलिस ई रिक्शा पर लगाम लगाने के लिए रूट निर्धारित की योजना पर कार्य कर रही है। जल्द ही ई रिक्शाओं के रूट निर्धारित कर दिए जाएंगे। हालांकि इसमें कुछ विशेष परिस्थितियों में ई रिक्शा चालकों को छूट भी दी जाएगी। बाकी नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दे दिए गए हैं।

इन विशेष परिस्थितियों में मिलेगी छूत

हरदोई में ई रिक्शा चालकों की मनमानी के चलते जाम की स्थिति बनी रहती है।शहर में ई-रिक्शा की भरमार हो चुकी है। जिसके चलते यातायात व्यवस्था बदहाल है।पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए एक नया प्रयास किया है। अब शहर में ई-रिक्शा चालक स्वयं से रूट निर्धारित करेंगे।इसके लिए ई रिक्शा चालकों को शहर कोतवाली व नजदीकी थाने से एक आवेदन पत्र लेना होगा। यह आवेदन पत्र पूरी तरह से निशुल्क होगा। इस आवेदन पत्र में ई रिक्शा चालक अपना नाम पता वाहन की आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस की छाया प्रति के साथ ई रिक्शा को चलाने के लिए रूट का निर्धारण करेंगे।

यदि ई रिक्शा चालक निर्धारित रूट के अतिरिक्त ई रिक्शा चलाते मिले तो उनपर जुर्माने के साथ वाहन के सीज की कार्यवाही भी होगी। यदि ई रिक्शा चालक किसी बीमार या हादसे में घायल को अस्पताल लेकर जा रहा है तो उसकी रूट निर्धारण में छूट मिलेगी वहीं यदि ई रिक्शा चालक अपने घर से निर्धारित रूट पर जा रहा है तो उसकी छूट दी जाएगी। पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए कार्य योजना बनाई गई है। पहले चरण में यह योजना शहर में लागू होगी। यदि योजना सफल हुई तो इसे जनपद के अन्य क्षेत्र में भी लागू किया जाएगा। इस योजना से क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।

Tags:    

Similar News