Hardoi News: बाढ़ से बढ़ी रेल यात्रियों की मुश्किलें, एक ट्रेन निरस्त तो अन्य के पहियों पर लगा ब्रेक

Hardoi News: शाहजहांपुर में आई बाढ़ का असर रेल संचालन पर दिखने लगा है। पितांबरपुर रोजा के बीच पड़ने वाली नदी पर बढ़ें जलस्तर से ट्रेन का संचालन प्रभावित हुआ है।

Report :  Pulkit Sharma
Update: 2024-07-11 11:35 GMT
Indian Railway (Pic: Social Media)

Hardoi News: उत्तर प्रदेश में मानसून ने जोरदार दस्तक दी है। प्रदेश में हुई झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से जरूर राहत दिलाई लेकिन लोगों की मुसीबतें भी बढ़ा दी हैं। कई शहर व क़स्बे और गांव में बाढ़ की स्थिति बन चुकी है, नदियां अपनी चेतावनी बिंदु से ऊपर बह रही हैं। नदियों के बढ़ें जलस्तर से कई गांवों व शहर में पानी भर गया है। इस बार हरदोई जनपद से लगे शाहजहांपुर में गर्रा नदी उफान पर आ गई है। गर्रा नदी के उफान पर आने से शाहजहांपुर के आसपास व शहर में जल भराव हो गया है। मुरादाबाद मंडल में कई जनपदों में आई बाढ़ का असर अब रेल के संचालन पर भी दिखने लगा है। एक और जहां बाढ़ के चलते ट्रेन निरस्त हो गई है वहीं कई ट्रेनें घंटे की देरी से संचालित हो रहे हैं। ट्रेनों की पहियों पर लगे ब्रेक का असर, ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ प्लेटफार्म पर ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

यह ट्रेनें आई विलम्ब से

शाहजहांपुर में आई बाढ़ का असर रेल संचालन पर दिखने लगा है। पितांबरपुर रोजा के बीच पड़ने वाली नदी पर बढ़ें जलस्तर से ट्रेन का संचालन प्रभावित हुआ है। हरदोई में रुकने वाली ट्रेनों के साथ मंडल से होकर जाने वाली ट्रेन देरी से चल रही है। बाढ़ का असर त्रिवेणी एक्सप्रेस पर देखने को मिला। पीलीभीत में आई बाढ़ के चलते टनकपुर से सिंगरौली/शक्तिनगर व सिंगरौली/शक्तिनगर टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस बीते कई दिनों से निरस्त चल रही है। हालांकि इस संदर्भ में रेल अधिकारियों ने कोई भी आधिकारिक जानकारी नहीं दी है कि त्रिवेणी एक्सप्रेस को कब तक निरस्त रखा जाएगा। पितांबरपुर रोजा के बीच आई बाढ़ व नदियो के बढ़ें जलस्तर से ट्रेनों के संचालन की गति भी प्रभावित हुई है।

मुरादाबाद से लखनऊ की ओर जानें वाली ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से संचालित हो रही है। हरदोई से होकर जाने वाली 13152 जम्मूतवी कोलकाता सियालदह एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय दोपहर के 2:18 से 1 घंटा 3 मिनट की देरी से हरदोई रेलवे स्टेशन पहुँची। 15910 लालगढ़ से डिब्रूगढ़ जाने वाली अवध आसाम एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय दोपहर के 3:05 मिनट से 1 घंटा 10 मिनट की देरी से हरदोई रेलवे स्टेशन पर पहुंची, 13308 फिरोजपुर से चलकर धनबाद जाने वाली गंगा सतलुज एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह के 7:46 से 53 मिनट की देरी से हरदोई रेलवे स्टेशन पहुंची, 13006 अमृतसर से चलकर हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल अपने निर्धारित समय सुबह के 8:24 से 40 मिनट की देरी से हरदोई रेलवे स्टेशन पहुंची।

वहीं 12230 नई दिल्ली से चलकर लखनऊ जाने वाली लखनऊ मेल अपने निर्धारित समय सुबह 4:40 से 36 मिनट की देरी से हरदोई रेलवे स्टेशन पहुँची, 12232 चंडीगढ़ से चलकर लखनऊ जाने वाली चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह के 6:26 से 1 घंटा 28 मिनट की देरी से हरदोई रेलवे स्टेशन पहुंची ,15128 नई दिल्ली से चलकर बनारस जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय शाम के 7:06 से 50 मिनट की देरी से खबर लिखे जाने तक चल रही थी। रेल अधिकारियों ने बताया कि रोजा पितांबरपुर क्षेत्र के बीच नदियों का जलस्तर बढ़ने से ट्रेनों की गति पर प्रतिबंध लग गया है। ट्रेनों को एक निर्धारित गति से संचालित करने के निर्देश जारी हुए है जिसके चलते ट्रेनों पर प्रभाव पड़ रहा है।

Tags:    

Similar News