Hardoi: बाढ़ को रोकने के लिए शासन ने दी करोड़ों की धनराशि, इन गाँव के लोगो को मिलेगा लाभ
Hardoi News: जिला प्रशासन अभी से बाढ़ के नियंत्रण को लेकर जुट गया है। शासन की ओर से भी हरदोई में बाढ़ की रोकथाम को लेकर बजट जारी कर दिया है।;
शारदा नहर हरदोई source: Newstarck
Hardoi News: मानसून में आने वाली बाढ़ से हरदोई जनपद को काफी नुकसान होता है। हरदोई में बाढ़ प्रभावित कई इलाके हैं जो मानसून में आने वाली बाढ़ की मार झेलते हैं। बाढ़ से सबसे ज्यादा नुकसान किसानों व छात्र-छात्राओं का होता है। वहीँ बाढ़ के चलते किसान अपने गांव से पलायन करने को भी मजबूर हो जाते हैं।
किसानों की ज्यादातर खेती बाढ़ के पानी में डूब जाती है। जिससे किसानों को सबसे अधिक नुकसान झेलना पड़ता है। प्रत्येक वर्ष जिला प्रशासन बाढ़ को रोकने के लिए प्रबंध करता है लेकिन मानसून में जिला प्रशासन की ओर से किए गए सभी प्रबंध धराशाही हो जाते हैं। इस बार जिला प्रशासन अभी से बाढ़ के नियंत्रण को लेकर जुट गया है। शासन की ओर से भी हरदोई में बाढ़ की रोकथाम को लेकर बजट जारी कर दिया है। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections) से पहले ही शासन द्वारा बाढ़ नियंत्रण के लिए बजट आवंटित कर दिया है।
गंगा, रामगंगा, गर्रा नदी मचाती है तबाही
हरदोई जनपद में प्रत्येक वर्ष बाढ़ और कटान से ग्रामीण और किसानों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है।बाढ़ से किसानों और ग्रामीणों को बचाने के लिए शारदा नहर विभाग की पांच परियोजनाओं के डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट पर शासन ने 16.53 करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत कर दी है। वहीं कार्य को कराए जाने को लेकर 5.51 करोड़ से अधिक की राशि जारी भी कर दी है। शासन की ओर से जारी की गई धनराशि से उम्मीद है कि इस वर्ष बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को और ग्रामीणों को बाढ़ से राहत मिलेगी।
हरदोई जनपद के कटियारी व कटरी क्षेत्र में गंगा, राम गंगा, गर्रा नदी कहर मचाती हैं। इन नदियों के क़हर से किसानों के खेत व मकान में पानी भर जाता है। बाढ़ से नुकसान व कटान से बचाव के लिए शारदा नहर विभाग संवेदनशील ग्राम समूह उमरिया और केवलपुर में कटान रोधी काम के लिए 1 करोड़ 11 लाख 70000 रुपए, गर्रा नदी के दाएं किनारे पर संवेदनशील गांव मोहम्दीनपुर, बमटापुर और धीबीपूर्वा में बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए दो करोड़ 16 लाख 18000 रुपए जारी हुए हैं।
जारी हुई वित्तीय सहायता
रामगंगा नदी के बाएं किनारे संवेदनशील गांव समूह अरवल और नंदना की बाढ़ सुरक्षा परियोजना के लिए 83 लाख 25 हजार और गर्रा नदी के दाएं किनारे संवेदनशील गांव पिपरिया टपुआ और बाएं किनारे पर खजुराई की बाढ़ सुरक्षा परियोजना के लिए 89 लाख 93 हजार रुपए विभाग को जारी किए हैं। शासन द्वारा रामगंगा नदी पर बाढ़ प्रभावित बाएं तट पर गौरिया साँई शिवपुरी और बरहुली में कार्य के लिए एक करोड़ 34 लाख ₹3000 जारी किए हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह (District Magistrate Mangala Prasad Singh) बताया कि शासन ने रामगंगा और गर्रा नदियों की पांच परियोजनाओं को स्वीकृति दे दी है।
शासन के अनु सचिव आलोक कुमार द्विवेदी ने इसकी स्वीकृति के साथ ही पांचो परियोजना पर राशि जारी किए जाने की जानकारी दी है। शारदा नहर विभाग के अधिशासी अभियंता ने कहा है कि सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा ताकि कम बरसात से पहले पूरा हो जाए।