Hardoi News: प्लास्टिक अपशिष्ट का होगा निस्तारण, बिक्री से हुई आय से होगा ग्राम पंचायतों का विकास
Hardoi News: देश में स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान जारी रहता है। समय-समय पर स्वयं प्रधानमंत्री स्वच्छता अभियान को लेकर लोगों को जागरुक करते आ रहे हैं।;
प्लास्टिक अपशिष्ट का होगा निस्तारण (न्यूजट्रैक)
Hardoi News: देश में स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान जारी रहता है। समय-समय पर स्वयं प्रधानमंत्री स्वच्छता अभियान को लेकर लोगों को जागरुक करते आ रहे हैं। साथ ही कई महत्वपूर्ण पर्वों पर प्रधानमंत्री व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग करते नजर आ जाते हैं। स्वच्छता अभियान को लेकर तमाम प्रकार के अभियान भी चलाए जाते हैं। देश में प्लास्टिक को लेकर भी अभियान चलाये जाते हैं।
लोगों से लगातार शासन प्रशासन प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील करता आ रहा है। प्लास्टिक के प्रयोग से लोगों के स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ता है साथ ही पर्यावरण को भी इससे नुकसान पहुंचता है। जनपद में प्लास्टिक के निस्तारण को लेकर मशीन लगाई गई है। मशीन प्लास्टिक को अपशिष्ट कर उसका निस्तारण करेगी साथ ही इससे होने वाली आय से ग्राम पंचायत में विकास भी होगा।
संडीला में लगाई गई है मशीन
जनपद में प्लास्टिक के निस्तारण को लेकर लगातार प्रयास किया जा रहे थे। इसी क्रम में जिला प्रशासन द्वारा संडीला विकासखंड के बेगमगंज में प्लास्टिक के निस्तारण को लेकर प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट को लगाया गया हैं। इस यूनिट की लागत लगभग 9 लाख रुपए है। इस यूनिट के लग जाने के बाद से संडीला उसके आसपास से प्लास्टिक को एकत्र कर गाड़ियों के द्वारा मशीन में अपशिष्ट करने के लिए भेजा जाएगा। अपशिष्ट प्लास्टिक से मशीन का खर्चा निकलेगा साथ ही इससे होने वाली आय को ग्राम पंचायत में बांट दिया जाएगा जिससे कि क्षेत्र का विकास हो सके। प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन यूनिट के लग जाने के बाद से ग्राम पंचायत का प्लास्टिक कचरा एकत्र कर निस्तारण किया जाएगा।
जिलाधिकारी की ओर से विकासखंड के सभी ग्राम पंचायत से प्लास्टिक अपशिष्ट को एकत्र करने व स्थापित यूनिट में लाने का रोस्टर तैयार किया जा चुका है। इसके लिए वहां की व्यवस्था की गई है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्राम पंचायत से प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्र कर यूनिट तक लाई जाएगी। यह यूनिट प्लास्टिक अपशिष्ट को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटने वाली मशीन है। इस यूनिट की स्थापना स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत की गई है।बताया जा रहा है कि इस यूनिट को सभी विकासखंड में लगाया जाएगा।