Hardoi: फ़ाइलों में ही सिमट कर रह गए ई-रिक्शा वाहन के रूट, धरातल पर मनमानी से लग रहा जाम

Hardoi: ई-रिक्शा चालकों की मनमानी से क्षेत्रवासी परेशान है। शहर से लेकर कस्बों तक लगातार ई रिक्शा की संख्या बढ़ती ही जा रही है जिससे शहर में जाम की स्थिति काफी बढ़ गई है।

Report :  Pulkit Sharma
Update:2024-05-19 12:12 IST

फ़ाइलों में ही सिमट कर रह गए ई-रिक्शा वाहन के रूट (न्यूजट्रैक)

Hardoi News: हरदोई में यातायात व्यवस्था बे-पटरी हो चुकी है। शहर में प्रमुख चौराहों पर अक्सर जाम की समस्या देखने को मिल रही है। जाम का सबसे बड़ा कारण अतिक्रमण और ई-रिक्शा है। ई रिक्शा चालकों की मनमानी से क्षेत्रवासी परेशान है। शहर से लेकर कस्बों तक लगातार ई रिक्शा की संख्या बढ़ती ही जा रही है जिससे शहर में जाम की स्थिति काफी बढ़ गई है। ई रिक्शा चालक मनमाने तरीके से वाहन को खड़ा करते हैं।

साथ ही सवारी दिखते ही एकदम से ई-रिक्शा का रोक देते हैं। जिसके चलते पीछे से आ रहे वाहन दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। हरदोई शहर की बात की जाए तो अब तक कई लोगों को ई रिक्शा के चलते चोटें भी लग चुकी हैं। जिला प्रशासन की ओर से ई-रिक्शा पर लगाम लगाने के कई बार प्रयास किए गए। कई योजनाएं बनाई गई लेकिन सारी योजनाएं कागजों तक ही सिमट कर रह गई। शहर में बढ़ रहे ई रिक्शा चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।

रूट पार नहीं चल सके ई रिक्शा

हाल ही में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा ई-रिक्शाओं का रूट निर्धारित किया गया था। ई-रिक्शाओं के लिए 21 रूट निर्धारित किए गए थे। लेकिन एक भी दिन ई रिक्शा इन निश्चित रूट पर नहीं संचालित हुए।केवल फाइलों में भी ई-रिक्शाओं का रूट निर्धारित हुआ और वहीं बंद भी हो गया। इससे पहले भी ई-रिक्शाओं के रूट को निर्धारित करने की बात पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से की गई थी लेकिन वह भी सिर्फ कागजों तक ही सिमट कर रह गई थी।

शहर का जिन्दपीर चौराहा हो या सिनेमा चौराहा या फिर नुमाइश चौराहा व बड़ा चौराहा इन सब प्रमुख चौराहों पर ई-रिक्शा आड़े तिरछे खड़े रहते हैं रेलवे स्टेशन पर ई-रिक्शाओं के चलते यात्रियों को ट्रेन पकड़ने तक में काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।ई रिक्शा के चलते लगातार शहर में जाम की समस्या बढ़ती ही जा रही है। पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी द्वारा दिए गए निर्देश अब तक धरातल पर नहीं उतर सके हैं। पुलिस द्वारा ई-रिक्शा के रूट निर्धारण करने के लिए ई-रिक्शा चालकों से आवेदन लिए गए कि वह किस रूट पर चलना चाहते हैं। योजना थी कि ई रिक्शों का रूट निर्धारित कर दिया जाए।रूट संख्या मार्ग का नाम भी लिखने की तैयारी थी लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। शहर के अस्पताल गेट पर ई रिक्शा का जमावड़ा जिला अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के लिए सर दर्द बन जाता है।

Tags:    

Similar News