Hardoi News: अनिश्चित क़ालीन हड़ताल पर सफ़ाई कर्मी, साथी की पिटाई से हैं आक्रोशित

Hardoi News: सफाई कर्मियों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जिससे नाराज होकर समस्त सफाई कर्मचारी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए हैं।

Report :  Pulkit Sharma
Update: 2023-10-25 07:47 GMT

अनिश्चित कालीन हड़ताल पर सफाई कर्मचारी (न्यूजट्रैक)

Hardoi News: हरदोई जनपद के शाहाबाद नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारी अपने साथी सफाई कर्मचारियों की पिटाई से नाराज होकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। नाराज सफाई कर्मचारियों ने पालिका मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया। पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, पालिका प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी तक अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है।

ये है पूरा मामला?

शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गिलजयी निवासी सफाई कर्मी अनुज पुत्र प्रभु दयाल तथा कुणाल पुत्र महेश के अनुसार 24 अक्टूबर की सुबह 8:00 बजे मोहल्ला गिल़जयी में वह अपनी ड्यूटी पर थे और सफाई कार्य कर रहे थे। उसी समय मोहल्ले का मुन्ना, सानू, तारिक एवं छक्कन आ गए और उनसे गाली गलौज करते हुए जबरन काम करने का प्रयास किया। उपरोक्त सफाई कर्मचारियों ने जब जबरन काम करने से मना किया तो दोनों सफाई कर्मचारियों को दबंगों ने मां बहन की गालियां देते हुए जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए भी गालियां दीं ,और लाठी डंडों से मारा पीटा जिससे दोनों को काफी चोटें आईं।

पुलिस ने नहीं की कार्यवाही?

आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सफाई कर्मियों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जिससे नाराज होकर समस्त सफाई कर्मचारी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए हैं। सफाई कर्मचारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को पालिका मुख्यालय पर प्रदर्शन कर हंगामा काटा। पालिका प्रशासन मुर्दाबाद, अधिशासी अधिकारी मुर्दाबाद, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। हड़ताली सफाई कर्मचारियों का कहना है जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक सफाई कार्य नहीं किया जाएगा।

Tags:    

Similar News