Hardoi News: मोबाइल टावर ही चुरा ले गए चोर, पुलिस मामले को मान रही संदिग्ध

Hardoi News: जिले में एक ऐसा वाकया सामने आया है। जिसने सभी को हैरान कर दिया है। दरअसल हरदोई में चोरों के हौसले दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे हैं।

Report :  Pulkit Sharma
Update: 2024-02-12 09:29 GMT

हरदोई में चोरी हो गया मोबाइल टावर (न्यूजट्रैक)

Hardoi News: जिले में एक ऐसा वाकया सामने आया है। जिसने सभी को हैरान कर दिया है। दरअसल हरदोई में चोरों के हौसले दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे हैं। प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्र से चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। चोरों में पुलिस का किसी भी प्रकार का भय नहीं रह गया है। चोर बिल्कुल निर्भीक होकर चोरी की घटना को लगातार अंजाम दे रहे हैं वहीं बड़ी चोरियों के मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।

हरदोई में एक ऐसी चोरी हुई है जिसमें सबको हैरत में डाल दिया है। इसके साथ ही यह चोरी पुलिस के गले के नीचे नहीं उतर पा रही है। दरअसल चोरों ने इस बार किसी घर या प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया बल्कि चोरों ने अबकी एक मोबाइल टावर को ही अपना निशाना बना डाला। चोर पूरा का पूरा मोबाइल टावर ही चुरा ले गए हैं। घटना की जानकारी लगते ही मोबाइल टावर के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। टेक्नीशियन के द्वारा पुलिस में तहरीर देकर मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की मांग की है।

दो महीने बाद टेक्नीशियन ने दर्ज कराई शिकायत

मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के लालपालपुर गांव का है जहां चोरों जगपाल सिंह की भूमि पर लगे 60 मीटर लंबे टावर को ही चोरी कर लिया। चोरी के लगभग दो महीने बाद टावर के टेक्नीशियन द्वारा अज्ञात चोरों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कराया है। लालपालपुर में जीटीएल कंपनी का टावर लगा था। यह टावर बीते कई वर्षों से बंद था। 29 नवंबर 2023 को टावर के टेक्नीशियन संजीव कुमार सिंह टावर का निरीक्षण करने जब पहुंचे तो वहां पर टावर नहीं था। इस घटना की जानकारी टावर के टेक्नीशियन द्वारा अपने उच्च अधिकारियों को दी गई जिसके बाद उच्च अधिकारियों द्वारा विभागीय जांच कराई लेकिन उसमें भी टावर को हटाए जाने की कोई भी जानकारी सामने नहीं आई।

इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर टावर के टेक्नीशियन ने शहर कोतवाली में अज्ञात चोरों के विरुद्ध टावर को टावर को चुरा ले जाने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है और मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मान रही है। क्षेत्राधिकार सदर अंकित मिश्रा ने बताया कि अभियोग पंजीकृत किया गया है जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में ऐसा लग रहा है कि टावर कंपनी के मौजूदा या पूर्व कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीणों की मिली भगत से टावर चोरी हुआ है।क्षेत्राधिकार ने बताया कि टावर एक साथ चोरी नहीं हो सकता इसलिए ऐसा प्रतीत होता है कि टावर अलग-अलग कर चोरी किया गया है। क्षेत्राधिकार ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Tags:    

Similar News