Nikay Chunav 2023: हरदोई में सपा और भाजपा का जलवा बरकरार, जानें कहां किसकी जमानत हुई जब्त

Nikay Chunav 2023: हरदोई में हुए नगर निकाय में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी द्वारा 13 नगर निकाय में बेहतर प्रदर्शन किया गया है। वहीं बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत कई निर्दलीयों ने अपनी जमानत को जब्त करा लिया।

Update: 2023-05-14 14:56 GMT
सांकेतिक तस्वीर ( सोशल मीडिया)

Nikay Chunav 2023: हरदोई में हुए नगर निकाय में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी द्वारा 13 नगर निकाय में बेहतर प्रदर्शन किया गया है। वहीं बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत कई निर्दलीयों ने अपनी जमानत को जब्त करा लिया। उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव की घोषणा होने के साथ ही सभी उम्मीदवार ने अपना- अपना प्रचार करने जुट गए थे। पार्टियों द्वारा टिकट जारी करने के बाद प्रत्याशी जनता को लुभाने में कोई भी कोर कसर बाकी नहीं रख रहे थे।

हालाँकि शुरू से ही समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा था। लेकिन, इस बार बहुजन समाज पार्टी ने भी अपने सिंबल पर नगर निकाय, नगर पंचायत के टिकट बांटे थे। बहुजन समाज पार्टी का वर्चस्व धीरे-धीरे समाप्त होता दिख रहा है। बहुजन समाज पार्टी का जो वोट बैंक माना जाता था वो अब क्षेत्र में बंट गया है। वहीं कांग्रेस का तो बहुजन समाजवादी पार्टी से भी ज्यादा बुरा हाल देखने को मिला है। 13 नगर निकाय में से एक भी सीट कांग्रेस के खाते में नहीं गई है। हालांकि निर्दलीय प्रत्याशी कांग्रेस के आगे रहे। कई स्थानों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। कई स्थानों पर निर्दलीय प्रत्याशी की जमानत तक जब्त हो गई है।

नगर पालिका में यह पार्टी जीती और इनकी हुई जमानत जप्त

रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से आधिकारिक घोषणा में प्रत्याशियों की जमानत जप्त किए जाने का ब्यौरा भी साझा किया गया है। नगरपालिका पिहानी और मल्लांवा में सत्ता दल भाजपा प्रत्याशी भी जमानत नहीं बचा पाए। प्रत्याशी प्राप्त मतों के ब्योरे के साथ जमानत वापसी और जमानत जप्त किए जाने की भी जानकारी दी गई है। नगर पालिका परिषद हरदोई में भाजपा के सुख सागर मिश्र मधुर ने जीत हासिल की है और सपा के राम ज्ञान गुप्ता दूसरे स्थान पर रहकर जमानत बचा ले गए हैं, यहां पर कांग्रेस, बसपा और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। पिहानी में समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है, बसपा के प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे हैं जिनकी जमानत बच गई है, जबकि भाजपा, कांग्रेसी और सुभासपा सहित नौ प्रत्याशियों की जमानत जप्त हो गई है।

बिलग्राम में 12 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई थी यहां भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की और निर्दलीय राजाराम गुप्ता और कांग्रेस के आसिफ अली की ही जमानत बच गई, जबकि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी सहित नौ की जमानत जब्त हो गई है। संडीला नगर पालिका क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की तो भाजपा के महेंद्र कुमार सोनी और निर्दलीय अभय गुप्ता ने जमानत बचाने भर के वोट जुटा लिए थे यहां बसपा, कांग्रेस सहित नौ प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। सांडी में बसपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की यहां पर भाजपा व सपा ने जमानत बचाई है जबकि 6 अन्य की जमानत हो गई है। शाहाबाद नगर पालिका में समाजवादी पार्टी जीत हासिल की जबकि भाजपा ने जमानत बचा ली है। बसपा, कांग्रेस सहित आठ प्रत्याशियों की जमानत को जब्त किया गया है। मल्लावां में निर्दलीय प्रत्याशी तबस्सुम जीती हैं यहां पर दूसरे स्थान पर ही सीमा देवी जमानत बचा ली है। यहां पर भाजपा सहित सात की जमानत जप्त हो गई है।

जाने नगर पंचायत का क्या रहा हाल

नगर पंचायतों में माधवगंज में 8 प्रत्याशियों में से एक प्रत्याशी के बाद एक निर्दलीय व एक भाजपा के प्रत्याशी को छोड़कर 5 प्रत्याशियों ने अपनी जमानत जब्त कराई है। कुरसठ में 9 प्रत्याशी में सपा जीती है और भाजपा को छोड़कर 7 प्रत्याशियों ने अपनी जमानत जप्त कराई है। पाली नगर पंचायत में 14 प्रत्याशी में सपा ने जीत दर्ज की है। निर्दलीय कमलाकांत वाजपेई को छोड़कर भाजपा,कांग्रेस व बसपा सहित 12 प्रत्याशियों ने अपनी जमानत जप्त कराई है। बेनीगंज में भाजपा ने जीत दर्ज की है जबकि सपा को छोड़कर दो अन्य प्रत्याशियों ने अपनी जमानत जप्त कराई है। कछौना पतसेनी में भाजपा जीती बसपा को छोड़कर दो अन्य प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।

Tags:    

Similar News