Chitrakoot News: नहीं आए पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, कार्यक्रम स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन करते रहे हिंदूवादी संगठन

Chitrakoot News: बौद्ध सम्मेलन में आने वाले सपा के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को विरोध के चलते अपना कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा।

Update: 2023-02-26 16:35 GMT

File photo of Hinduwadi organisation (Pic: Newstrack)

Chitrakoot News: जिला मुख्यालय में आयोजित बौद्ध सम्मेलन में आने वाले सपा के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को विरोध के चलते अपना कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। राम चरित मानस पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में उनके खिलाफ राजापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पूर्व मंत्री के न आने पर अन्य वक्ताओं व बौद्ध धर्म के संतों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम स्थल के बाहर विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता डटे रहे।

बौद्ध धर्म सिखाता है सत्य अहिंसा विश्व बंधुत्व और भाईचारा  

प्रयागराज रोड में रविवार को आयोजित राष्ट्रीय बौद्ध महासम्मेलन में बौद्ध धर्म व डॉ भीमराव आंबेडकर के विचारों को मानने वाले लोग आए। जिसमें कहा गया कि पूरे विश्व सहित भारत में अनेक धर्म संप्रदाय और मजहब के लोग निवास करते हैं और सब लोगों की अपनी-अपनी धार्मिक मान्यताएं हैं, लेकिन बौद्ध धर्म के अनुयाई और मानने वाले लोग विश्व के सर्वाधिक देशों में निवास करते हैं। बौद्ध धर्म एक ऐसा धर्म है जो समता स्वतंत्रता और बंधुत्व की बात करता है। पंचशील सिद्धांतों के माध्यम से भगवान बुद्ध मनुष्य को मनुष्य बनाने के लिए अनेक बातें बताई हैं। बौद्ध धर्म सत्य अहिंसा विश्व बंधुत्व और भाईचारा सिखाता है।

पूर्व मंत्री शिवशंकर सिंह पटेल, पूर्व विधायक रामसजीवन निर्मल, बृजेश प्रजापति, मधुसूदन कुशवाहा, अनुज सिंह यादव, सुभाष सिंह पटेल, देवेंद्र सिंह पटेल, ओपी अनुरागी, संजय कबीर, मौसमी कोटार्य, शिवगोपाल कुशवाहा ने विचार रखे।

पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के धर्मनगरी आगमन की जानकारी मिलने के साथ ही कई दिन से लामबंदी बढ़ गई थी। विभिन्न हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता विरोध पर उतरने का ऐलान कर चुके थे। पूर्व मंत्री ने ही गोस्वामी तुलसीदास की लिखी रामचरित मानस की कुछ चौपाइयों को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की थी। कार्यक्रम स्थल के बाहर हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता लामबंद होकर डटे रहे। पूर्व मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

हाईवे किनारे फर्श बिछाकर कार्यकर्ता पूर्व मंत्री के आने पर विरोध दर्ज कराने के लिए बैठे रहे। मुख्य रूप से भाजयुमो जिलाध्यक्ष हीरो मिश्रा, विहिप के छेदीलाल गौतम, भाजयुमो क्षेत्रीय मंत्री दुर्गेश शुक्ला, जिला महामंत्री मोहित मिश्रा विकास, प्रमेंद्र प्रताप सिंह, अभिषेक ओझा, धर्मेंद्र, बच्चन त्रिपाठी, आभेस मिश्रा, गौरव करवरिया, शिवाकांत पांडेय, आदित्य, सुखेंद्र सिंह, आशीष पांडेय, शिव देवकीनंदन पांडेय, भानु पांडेय, कपिल त्रिपाठी, कुलदीप, शिवशंकर त्रिपाठी, सुरेश मिश्र, विनीत पयासी, उज्जवल गुप्ता, निशांत गुप्ता, गोलू गर्ग, अनूप त्रिपाठी, विवेक, किशन अग्रहरि, राम शरण तिवारी आदि मौजूद रहे।

स्वामी प्रसाद मौर्य के विरोध में यमुना पुल पर प्रदर्शन

राजापुर। रामचरित मानस पर टिप्पणी करने वाले पूर्व मंत्री सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के आगमन की जानकारी पर दर्जनों लोग यमुना पुल मार्ग में लामबंद होकर विरोध प्रदर्शन करते रहे। राजापुर व सरधुआ थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बीते 24 जनवरी को कस्बे के लोगों ने थाने में धरना प्रदर्शन करते हुए पूर्व मंत्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी की मांग चल रही है। जिला मुख्यालय में स्वामी प्रसाद मौर्य के एक कार्यक्रम शामिल होने आने की सूचना पर समाजसेवी अनुज शुक्ला व सुनील मिश्रा की अगुआई में आधा सैकड़ा लोग विरोध प्रदर्शन करने के लिए एकत्र हो गए।

Tags:    

Similar News