Jalaun Accident News: जालौन में भयंकर सड़क हादसा, बारातियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, 5 की मौत

Jalaun Accident News: बस के दोनों दरवाजे लॉक हो जाने के कारण गैस कटर की मदद से बस की छत को काटा गया और फिर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

Update:2023-05-07 14:20 IST
Jalaun Accident News ( Social Media)

Jalaun Accident News: उत्तर प्रदेश के जालौन से एक भीषण सड़क हादसे की खबर आई है। खबर के मुताबिक, 40 बारातियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में अब तक 5 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। जबकि 15 जख्मी हुए हैं, जिनमें से कईयों की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, घटना माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र में रात के करीब 2 बजे हुआ। बस के दोनों दरवाजे लॉक हो जाने के कारण गैस कटर की मदद से बस की छत को काटा गया और फिर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद मच गई चीख पुकार

जानकारी के मुताबिक, बारातियों से भरी बस गांव मढ़ेरा से रामपुरा गई थी। शादी अटैंड करने के बाद सभी वापस घर लौट रहे थे, तभी गोपालपुरा के पास बस को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में पलट गया। टक्कर इतना भयंकर था कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस के अंदर फंसे लोग जख्मी हालत में मदद के लिए चीखने लगे।

मध्य रात्रि में हुए इस हादसे ने आसपास के लोगों को जगा दिया। स्थानीय लोग फौरन घटनास्थल की ओर दौड़े, स्थिति को भयावहता को देखते हुए उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मौके पर दलबल के साथ पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुर्घटना के बाद बस के दोनों दरवाजे लॉक हो गए थे। लिहाजा लोगों को अंदर से निकालने के लिए गैस कटर की मदद से बस की छत को काटा गया और फिर उन्हें रेस्क्यू किया गया। बस के अंदर काफी खून फैल गया था। घटनास्थल का दृष्य मन को विचलित करने वाला था।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस ने बस से रेस्क्यू किए गए जख्मी लोगों को आनन फानन में माधौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां से गंभीर रूप से जख्मी लोगों को उरई मेडिकल कॉलेज ट्रांसफर किया गया। इस दौरान डॉक्टर्स ने कुलदीप सिंह (36) रघुनन्दन (46), सिरोभान (65), करन सिंह (34) और विकास (32) को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारी भी पहुंचे। इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बस को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है।

Tags:    

Similar News