Sonbhadra News: सेंचुरी एरिया से भागकर घायलावस्था में शहर पहुंचा ब्लैक बक, एक घर में ली शरण

Sonbhadra News: सेंचुरी एरिया से भागते हुए एक ब्लैक बक एक मकान में घुस गया और सीधे उसकी सीढ़ियों के नीचे जाकर बैठ गया। चना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कब्जे में ले लिया।

Update: 2022-10-01 12:07 GMT

घायलावस्था में शहर पहुंचा ब्लैक बक

Sonbhadra News: सूबे की एकमात्र ब्लैकबक घाटी का दर्जा रखने वाले महुअरिया वन्यजीव विचरण क्षेत्र से एक हिरण (ब्लैक बक) को घायलावस्था में शनिवार की दोपहर बाद जिला मुख्यालय (राबर्ट्सगंज शहर) में पहुंचने से हड़कंप मच गया। घायल अवस्था में होने के कारण, उसे शहर स्थित एक मोहल्ले में घुसते ही कुत्तों की टोली पीछे लग गई। उनसे बचने के लिए उसने एक घर में शरण ली। जैसे ही इस बात की जानकारी वन विभाग तक पहुंची हड़कंप मच गया। लोगों की सूचना पर पहुंची कैमूर वन्य जीव विहार की टीम हिरण को चुर्क स्थित रेंज कार्यालय ले गई। रविवार को उसे महुअरिया ले जाया जाएगा।

दीवार फांदकर अचानक एक घर में घुसा हिरण तो लोग रह गए भौंचक

बताते हैं कि दोपहर तीन बजे के करीब बारहसिंगा की तरह दिखने वाला एक हिरण, जिसे ब्लैकबक बताया जा रहा है, अचानक राबर्ट्सगंज नगरपालिका क्षेत्र के ब्रम्हनगर कालोनी में जैसे ही उस पर संबंधित परिवार के लोगों की नजर पड़ी, भौंचक्के रह गए। कुछ ही देर में मोहल्ले के ढेरों लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस वक्त हिरण मकान में घुसा उस समय उसके पीछे आधा दर्जन कुत्तों की टोली भी पड़ी हुई थी। लोगों का कहना था कि हिरन घायल अवस्था में था। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे और खून भी निकल रहा था। इस कारण जैसे ही वह नगर क्षेत्र में घुसा उसके पीछे कुत्तों की टोली लग गई। तत्काल मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे पूर्वांचल नव निर्माण मंच के उपाध्यक्ष गिरीश पांडेय ने सोनभद्र वन प्रभाग के डीएफओ संजीव कुमार सिंह को इसकी जानकारी दी। उन्होंने इससे कैमूर वन्यजीव विहार के अधिकारियों को अवगत कराया। सूचना पर पहुंची वन्य जीव विहार की टीम, हिरण को वहां से सुरक्षित निकालकर चुर्क स्थित रेंज कार्यालय ले गई। इस बात को लेकर तरह-तरह की चर्चा बनी रही। महुअरिया वन्यजीव विचरण क्षेत्र के प्रभारी एवं वनरक्षक सदानंद ने सेल फोन पर बताया कि हिरण को वन्य जीव विहार क्षेत्र से भटक कर राबर्ट्सगंज शहर में पहुंचने की जानकारी मिली है। मौके पर टीम भेजी गई थी। वहां पहुंची टीम हिरण को सुरक्षित अवस्था में रेंज कार्यालय चुर्क ले गई है। रविवार को उसे महुअरिया लाया जाएगा। हिरण को घायल होने और उसके चेहरे पर चोट होने के मामले पर कहा कि इसके बारे में जानकारी नहीं मिली है। अगर हिरण घायल है तो उसका उपचार कराया जाएगा। इसके बाद उसे हिरणों के बीच लाकर छोड़ा जाएगा।

लोगों ने जताया शिकारियों की घेरेबंदी का शक, की जांच की मांग

ब्लैकबक घाटी का दर्जा रखने वाले महुअरिया वन्यजीव क्षेत्र की राबर्टसगंज से अच्छी-खासी दूरी होने और पहली बार वन्यजीव क्षेत्र से घायल अवस्था में किसी हिरण के शहर क्षेत्र में घुसने की घटना को देखते हुए लोग, मामले को शिकारियों की सक्रियता से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना था कि कैमूर वन्य जीव विहार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महुअरिया वन्यजीव क्षेत्र की एरिया काफी लंबी चौड़ी है। ऐसे में उसे कई किमी आबादी क्षेत्र को पार करते हुए राबर्ट्सगंज पहुंचने की जरूरत क्यूं और किस हालत में पड़ गई? समझ से परे है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि जिस वक्त हिरण शहर क्षेत्र में घुसा, उसके मुंह से खून गिर रहा था और उसके शरीर पर चोट के निशान थे। जिस वक्त वन विभाग की टीम उसे कब्जे में लेने पहुंची उस समय भी उसकी यहीं स्थिति थी। उधर नव निर्माण मंच के गिरीश पांडेय ने इसके पीछे वन्यजीव क्षेत्र में सक्रिय शिकारियों के गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई है। कहा कि अंतरराष्ट्रीय मार्केट में इसकी खाल की काफी कीमती है। इसको देखते हुए अक्सर महुअरिया वन्यजीव क्षेत्र के आसपास तस्करों से जुड़े शिकारियों के टीम की सक्रियता देखने और सुनने को मिलती रहती है। उन्होंने मामले की गहनता से जांच कराते हुए संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

Tags:    

Similar News