Etah News: रामगोपाल यादव के रिश्तेदार और मुकदमों के सेंचुरी वाले समाजवादी नेता की बदली गई जेल

Etah News: जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने बताया कि जिला अधिकारी एटा अंकित अग्रवाल के निर्देश पर एटा जेल में निरुद्ध पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव को प्रातः लगभग 8:30 बजे एटा से अलीगढ़ जेल के लिए ट्रांसफर कर दिया गया है।

Update: 2023-03-23 15:34 GMT
सपा नेता गैंगस्टर रामेश्वर सिंह यादव (फोटों: न्यूज नेटवर्क)

Etah News: एटा के दबंग गैंगस्टर रामेश्वर सिंह यादव को अलीगढ़ जेल भेजा गया है। गिरफ्तारी के बाद से दोनों भाई गैंगस्टर रामेश्वर व जुगेन्द्र यादव एटा की जेल में थे, जहां इन्हें तमाम सुविधाएं मिलने का आरोप लगाया जा रहा था। रामेश्वर सिंह यादव बीते लगभग 9 माह से एटा जेल में गैंगस्टर एक्ट में जेल काट रहे हैं। किंतु अभी कुछ दिन पूर्व उनके अनुज पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव को भी एटा पुलिस द्वारा जेल भेजे जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है। रामेश्वर सिंह यादव तथा जुगेंद्र सिंह यादव एक साथ जेल में निरुद्ध थे, अब उन्हें अलग-अलग रखा जाएगा।

मुकदमों की सेंचुरी के करीब हैं सपा नेता

दोनों भाइयों के जेल जाने के बाद भी प्रशासन द्वारा लगातार इन लोगों पर जनता की शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव पर पुलिस अभिलेखों के अनुसार 87 मुकदमे दर्ज हैं तथा रामेश्वर सिंह यादव पर लगभग 77 मुकदमे दर्ज हैं। जिला प्रशासन द्वारा बीते एक वर्ष में दोनों भाइयों की तथा उनके परिवार के सदस्यों की करोड़ों की संपत्ति को कुर्क किया जा चुका है तथा अभी भी यह कार्रवाई जारी है।

जिला अधिकारी का यह निर्देश

जेल अधीक्षक अमित चौधरी ने बताया कि जिला अधिकारी एटा अंकित अग्रवाल के निर्देश पर एटा जेल में निरुद्ध पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव को प्रातः लगभग 8:30 बजे एटा से अलीगढ़ जेल के लिए ट्रांसफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया यह कोई विशेष बात नहीं है, यह एक सामान्य प्रक्रिया है। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के जनपदों में लोगों को भेज दिया जाता है। यह निर्णय जिलाधिकारी द्वारा कानून व्यवस्था को ध्यान में रखकर किये जाते हैं। हालांकि, किसी भी अधिकारी द्वारा उनके एटा से अलीगढ़ जेल भेजे जाने के संबंध में कोई भी कारण स्पष्ट नहीं किया गया था और न कोई कारण बताने को तैयार है। लेकिन सूत्र बताते हैं कि इन्हें जेल में तमाम सुविधाएं मिलने का आरोप लगाया जा रहा था, जिसके बाद ये कार्रवाई की गई है।

Tags:    

Similar News