Jaunpur News: गिरफ्तार युवक की पुलिस कस्टडी में मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया हत्या का आरोप

Jaunpur News: परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने देर रात इतनी पिटाई कर दी कि उसकी मौत हो गई है। अब पुलिस इसे आत्म हत्या बताने में जुट गई है।

Report :  Kapil Dev Maurya
Update:2024-10-19 14:42 IST

Jaunpur News (Pic: Newstrack)

Jaunpur News: जनपद के थाना शाहगंज के शौचालय से थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बढ़ौना निवासी मटरू विन्द नामक 50 वर्षीय व्यक्ति की लाश मिली। आज सुबह लाश मिलने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। लगभग डेढ़ बजे दिन तक थाना शाहगंज परिसर पुलिस बल की छावनी में तब्दील रहा। लगभग सवा एक बजे पुलिस अधीक्षक डॉ अजय पाल शर्मा का इस घटना को लेकर बयान आया जिसमें उन्होंने इसे आत्महत्या बताया है। जबकि बढ़ौना गांव के ग्रामीण का आरोप है उपरोक्त मटरू विन्द की पुलिस पिटाई से मौत हुई है। मृतक की पत्नी अभी तक पुलिस के कब्जे में है। 

इस घटना के बाबत पुलिस अधीक्षक डॉ अजय पाल शर्मा ने मीडिया सेल के जरिए एक वीडियो जारी करते हुए बताया है कि मटरू विन्द निवासी बढ़ौना को थाना शाहगंज की पुलिस 18 अक्तूबर को 35 हजार रुपए चोरी के एक मामले में पकड़कर थाने पर लायी थी। पूछ-ताछ करने के बाद थाने में बैठा रखा था। रात में लगभग दो तीन बजे रात में मटरू विन्द ने थाने के शौचालय में जाकर फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली।

पुलिस कब्जे में मृतक की पत्नी 

19 अक्तूबर की सुबह शौचालय में मटरू विन्द की लाश देखकर विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ अजय पाल शर्मा सहित पुलिस विभाग में जिले के सभी आला अफसर एवं शाहगंज सर्किल के सभी थानों की पुलिस थाना शाहगंज पहुंची। आनन-फानन में पुलिस बढ़ौना पहुंच कर मृतक मटरू की पत्नी को थाने पर लाकर बैठा लिया और आम जनमानस से मिलने पर रोक भी लगा दिया। पुलिस अधीक्षक का पहला बयान इस घटना को लेकर लगभग सवा एक बजे दिन में आया। जिसमें उन्होंने इसे आत्महत्या बताया है। यह भी कहा कि मृतक मटरू के पत्नी की तहरीर लेकर अन्य विधिक कार्यवाई की जा रही है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

इस घटना के बाबत बढ़ौना गांव के निवासी गण सुरेश विन्द, कमला विन्द, राम धारी विन्द जो जिला अस्पताल में मटरू कि लाश आने के बाद आये थे ने बताया कि 18 अक्तूबर को एक चोरी के आरोप में थाना शाहगंज की पुलिस मटरू को पकड़कर थाने पर ले गई थी। आरोप लगाया कि पुलिस ने देर रात इतनी पिटाई कर दी कि उसकी मौत हो गई है। अब पुलिस इसे आत्म हत्या बताने में जुट गई है।

पुलिस पर भी सवाल

मामले को लेकर पुलिस पर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। बड़ा सवाल यह है कि जब मटरू को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो उसे अकेले क्यों छोड़ा। दूसरा यह कि आत्म हत्या के लिए शौचालय में रसरी अथवा फंदा कहा से आया। तीसरा यह कि वह शौचालय में अकेले क्यों और कैसे गया। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग को सवालों के कटघरे में खड़ा कर दिया है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।

Tags:    

Similar News