Jhansi News: जान लेवा शॉर्ट कट, ट्रेन की चपेट में आने से टीचर का एक पैर कटा, दूसरा डैमेज

Jhansi News: रेलवे स्टेशन पर जल्दी पहुंचने के लिए शॉर्टकट रास्ते से जाने पर एक टीचर ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका एक पैर कट गया दूसरा पैर बुरी तरह डैमेज हो गया।

Report :  B.K Kushwaha
Update: 2022-10-28 13:59 GMT

Jhansi News (Social Media)

Jhansi News: रेलवे स्टेशन पर जल्दी पहुंचने के लिए शॉर्टकट रास्ता चुनना एक टीचर को काफी भारी भरा पड़ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसका एक पैर कट गया जबकि दूसरा पैर बुरी तरह डैमेज हो गया। घायल अवस्था में उपचार के लिए उसे मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया। हरदोई के ग्राम सिमरा निवासी आर एस सक्सेना 18 सालों से प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नगरा स्थित हीरापुरा में परिवार समेत रहता है। सक्सेना ने बताया कि शुक्रवार को ट्रेन से रिश्तेदारी में कानपुर जाना था। घर से पैदल स्टेशन के लिए रवाना हुआ। शॉर्टकट रास्ते से वह स्टेशन जा रहा था। काठ पुल और प्लेटफार्म नंबर छह के बीच कई रेलवे पटरियां थी। ट्रेन आई तो वह समझ नहीं पाया और हड़बड़ाहट में ट्रेन की चपेट में आ गया। घायल अवस्था में उपचार के लिए उसे मेडिकल कालेज में दाखिल कराया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही आर एस सक्सेना की पत्नी श्यामा देवी भी मेडिकल कालेज पहुंच गई। श्यामा देवी ने बताया कि उसका पति मोहल्ले के राइजिंग फ्लोवर स्कूल में बच्चों की केमिस्ट्री पढ़ाते हैं। दो साल पहले उनको कोरोना हो गया था। इसके बाद वह डिप्रेशन में रहने लगे थे। पत्नी ने बताया कि दो साल पहले पति का एक्सीडेंट हो गया था। जो पैर डैमेज हुआ है, उसी में रॉड डली थी। अब डॉक्टर ने दूसरे पैर को भी खतरा बताया है। पति के इलाक में पहले से काफी रुपए खर्च हो रहा था। वो कहते हैं कि जितना कमाता हूं, उतना इलाज में जा रहा है। इसको लेकर वह काफी परेशान रहते थे। उनकी 16 साल की बेटी डोली और 10 साल का बेटा जितेंद्र है। दोनों बच्चे पढ़ते हैं।

युवक चलती ट्रेन से गिरा, मौत

वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन से अपने गंतत्व के लिए बरौनी मेल जा रही थी। ट्रेन जैसे ही अपने गंतत्व के लिए रवाना हुई, तभी एक यात्री चढ़ने लगा। बताया जा रहा है कि ट्रेन चढ़ते समय उसका बैग प्लेटफार्म पर किसी से अटग गया और अनियंत्रित होकर चलती ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। घायलावस्था में आरपीएफ के जवानों ने उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जहां मृतक का नाम रामछबीला मेनपुर कुशीनगर बताया गया। मृतक केरला में रोलिंग मिल में मजदूरी करता था। लगभग 8 माह बाद छठ पूजा में शामिल होने के लिए केरला एक्सप्रेस से वह झाँसी आया था। झाँसी से ट्रेन बदलकर उसे अपने घर जाना था। जिसके लिए वह बरौनी मेल पकड़ रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

शौच को जा रहे युवक को बाइक ने टक्कर मारी, मौत

टोड़ी फतेहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़वार निवासी राजेश अहिरवार मजदूरी करता था। रोजाना की तरह राजेश शुक्रवार की सुबह शौच के लिए जा रहा था। जैसे ही वह पैदल सड़क पार करने लगा, तभी तेज गति से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी जिससे राजेश घायल हो गया. उपचार के लिए उसे मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उपचार के दौरान उसने मेडिकल कालेज में दम तोड़ दिया। सूचना पर गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

महिला की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर भाई-बहन ने खाया विषाक्त, भाई की हालत गम्भीर

एक महिला से परेशान होकर ललितपुर जनपद के नेहरू नगर में रहने वाले भाई बहन ने एक चिकित्सक की क्लीनिक पर जाकर विषाक्त खा लिया। जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। यह देख वहां मौजूद लोग भाग निकले। जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां से हालत गम्भीर होने पर भाई को झांसी मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया गया।

बताते चलें कि ललितपुर जनपद के नेहरु नगर में संजय नाम का व्यक्ति परिवार के साथ रहता है। संजय पर एक महिला ने मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि महिला ने ब्लैकमेल कर मामला रफादफा करने के नाम पर दस लाख की रकम मांगी थी। डरकर परिजनों ने पांच लाख का इंतजाम कर महिला को दे दिया। इसके बाद भी महिला पांच लाख रूपये की मांग कर रही थी। जिसे न देने पर मुकदमे में फ़ंसाये जाने की धमकी दी जा रही थी। जिससे परेशान होकर पुनः चार लाख का इंतजाम करके दे दिया गया। लेकिन आरोपी महिला अपनी जिद पर अड़ी थी कि उसे पूरी रकम दी जाए। जिसको लेकर घर में तनाव चल रहा था। भाई दूज पर संजय की बहन भागन देवी पत्नी कामता प्रसाद (40) मायके आई थी। इसी बीच उसके सामने एक लाख रूपये की बात सामने आई।

क्षेत्र में रहने वाला एक अस्पताल का डॉक्टर बीच में मध्यस्थता करा रहा था। बातचीत करने के लिए भागन देवी अपने भाई रामचरण पुत्र अज्जू (38) के साथ उक्त चिकित्सक के अस्पताल पहुंची। जहां बातचीत सफल नहीं हुई जिससे नाराज होकर भाई-बहन ने वहीं पर विषाक्त खा लिया। यह देख अस्पताल में हड़कंप मच गया। मौके से सभी भाग खड़े हुए। जानकारी पाकर परिजन मौके पर पहुंचे, जहाँ दोनों को अचेत हालत में पड़ा देख घबरा गए। आनन फ़ानन दोनों को उपचार क लिए परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहाँ रामचरण की हालत नाजुक देखते हुए झाँसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय नारायण का कहना है कि मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है। परिजन तहरीर दे रहे हैं, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News