Anshul Yadav murder case: ढाबा पर झगड़ा करना अंशुल को पड़ा महंगा, जान देकर चुकायी कीमत, जीजा, साले समेत 3 गिरफ्तार

Jhansi Crime News: हत्या आरोपियों ने बताया उन्होंने अंशुल की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे अंशुल नीचे गिर गया था। इसके बाद उसे कार में डाल लिया। कार में डालकर उसके गले में रस्सी, मुंह व हाथ पैर रस्सी से बांध दिए थे।

Report :  B.K Kushwaha
Update: 2023-12-05 17:08 GMT

पुलिस गिरफ्त में तीनों हत्यारोपी (Social Media)

Jhansi Crime News: होटल-ढाबा में झगड़ा करना अंशुल को महंगा पड़ा। इस झगड़े की रंजिश में उसकी जान भी चली गई। इस मामले में बरुआसागर थाना पुलिस ने जीजा-साले समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त की गई कार भी बरामद की है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक (नगर) ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि, बरुआसागर थाना क्षेत्र के घटना को गंभीरता से लिया था। इसके लिए टीमों का गठन किया गया था। इस मामले में पुलिस को सफलता हासिल हुई है। बेतवा नदी में मिली अंशुल यादव की लाश के बाद हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

...फिर रस्सी से बांधकर फेंक दिया बेतवा नदी में

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि सुनील का बड़ागांव थाना क्षेत्र में होटल-ढाबा है। काफी दिनों पहले इसी होटल पर अंशुल का आरोपियों के परिजनों से झगड़ा हुआ था। उस झगड़े के चलते आरोपी अंशुल से रंजिशन लगने लगे थे। आरोपियों ने बताया कि झगड़े के बाद उन्होंने अंशुल की हत्या करने का प्लान बनाया था। वह लोग अंशुल की लगातार खोजबीन की तलाश में लगे थे। जानकारी मिली कि, 30 नवंबर को अंशुल अपनी बहन को छोड़ने के लिए रेलवे स्टेशन आ रहा है। तभी शाम को तीनों ने बैठकर होटल पर शराब पी। शराब पीने के बाद वह कार (एचआर 26बीएच-7645) में सवार होकर अंशुल के लोकेशन का पता लगाना शुरू कर दिया। जैसे ही अंशुल बेतवा नदी के पहले पहुंचा तो पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे अंशुल बाइक से नीचे गिर गया था। इसके बाद उसे कार में डाल लिया। कार में डालकर उसके गले में रस्सी, मुंह व हाथ पैर रस्सी से बांध दिए थे। इसके बाद अंशुल को बेतवा नदी में फेंक दिया था। इसके पहले अंशुल की बाइक को पीपा पुल के पास खड़ी करवा दी थी।

ऐसे हुआ था मुकदमा दर्ज

बरुआसागर थाना क्षेत्र के ग्राम उजयान निवासी प्रमोद कुमार यादव ने बरुआसागर थाने में 1 दिसंबर 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका चचेरे भाई अंशुल यादव अपनी बहन दीपिका को झांसी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर अपनी मोटरसाइकिल से अपने गांव वापस लौट रहा था। तभी पड़ोस के गांव में रहने वाले सुनील यादव आदि ने अपनी कर से बेतवा नदी पीपा पुल पर मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी थी। इसके बाद आरोपी अपनी कार में अंशुल को डालकर ले गए थे।

विभिन्न धाराओं में केस दर्ज 

पुलिस ने तीनों के खिलाफ दफा 364/34 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। बाद में लाश मिलने के बाद मुकदमें में धाराएं बढ़ाई गई है। इस प्रकार तीनों के खिलाफ दफा 364, 302,201/34 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया था।

इन अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

बरुआसागर थाना क्षेत्र के ग्राम पच्चरगढ़ निवासी सुनील कुमार, बरुआसागर थाना क्षेत्र के बैरी सालपुरा के सरसई हाल में रहने वाले अभिषेक यादव और नीलू उर्फ धर्म सिंह यादव (सुनील का जीजा) को गिरफ्तार कर लिया। बरुआसागर थानाध्यक्ष परमेन्द्र कुमार सिंह, उप निरीक्षक अनुपम मिश्रा, मुख्य आरक्षी आशुतोष तिवारी, मुख्य आरक्षी रणधीर सिंह और मुख्य आरक्षी भगवान सिंह परिहार शामिल रहा है।

Tags:    

Similar News