Jhansi News: कर्ज में डूबे किसान ने फाँसी लगाकर की आत्महत्या, फसल बर्बादी से परेशान था किसान

Jhansi News: फसल बर्बादी व कर्ज में डूबे किसान ने खेत पर लगे महुआ के पेड़ के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

Report :  Gaurav kushwaha
Update: 2024-07-27 14:11 GMT

Jhansi News (Pic: Newstrack)

Jhansi News: फसल बर्बादी व कर्ज में डूबे किसान ने खेत पर लगे महुआ के पेड़ के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम वीरा में रामकिशुन कुशवाहा परिवार समेत रहता था। वह किसान था। आज सुबह रामकिशुन अपने खेत पर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा था। इसी दौरान दूसरे खेत में काम करने वाले किसान की नजर पेड़ की डाल से फांसी के फंदे पर लटक रहे किसान रामकिशुन पर गई। घटना की सूचना फैलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

परिजनों का कहना है कि किसान रामकिशुन लगभग छह बीघे का किसान था। खेती किसानी करके अपना और अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक किसान के दो बच्चे है। एक लड़का व एक लड़की है। पिछले वर्ष उसने अपने बेटी की शादी की थी जिससे उसके ऊपर कर्ज बढ़ गया था। मऊरानीपुर सोसाइटी में लगभग 60 हजार का केसीसी ऋण है। वहीं ग्रामीण बैंक मऊरानीपुर में डेढ़ लाख रुपये का केसीसी ऋण है और कुछ साहूकारों का है। पिछले वर्ष फसल नष्ट हो गई थी। इस बार भी फसल नष्ट हो गई है और अभी भी फसल अच्छी नहीं है।

परिजनों ने बताया कि सुबह किसान रामकिशुन और उसकी पत्नी ममता देवी दोनों साथ खेत पर गए थे। खेत पर ही एक झोपड़ी बनाए थे। वहीं पर गाय भी रखते थे। पत्नी ने गाय का दूध निकाल कर वापस घर को चली आई। तभी उसके बाद राम किशुन ने ऐसा आत्मघाती कदम उठाया और पेड़ के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवनारायण सिंह परिहार ग्राम वीरा किसान के खेत पर पहुंचे शोक संवेदना प्रकट करते हुए परिजनों को ढाढ़स बंधाया। इसके बाद घटना की जानकारी उप जिला अधिकारी गोपेश तिवारी को दी।

मामले को संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार मऊरानीपुर को मौके पर भेजा गया। मौके पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवनारायण सिंह परिहार ने यूपी सीएम से तहसील प्रशासन से मृतक किसान के परिजनों को 72 घंटे के अंदर आर्थिक मदद दिलाई जाने की मांग की।

Tags:    

Similar News