Kanpur news: अग्निकांड का दर्द... साहब कुछ नहीं बचा, आंखों के सामने सब कुछ हो गया तबाह!

Kanpur Agnikand: कानपुर अग्निकांड के बाद परिजनों का दुःख-दर्द देखने को मिला। परिवार के साथ पीड़ित लोगों ने कहा सब तबाह हो गया।

Update: 2023-04-02 14:13 GMT
रोते बिलखते परिजन (फोटो- न्यूजट्रैक)

Kanpur news: भीषण अग्निकांड ने व्यापारियों की कमर तोड़कर रख दी है। ईद में अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाये बैठे कारोबारियों का करोड़ों का माल जलकर राख हो गया है। अपनी आंखों के सामने ही तबाही देखकर कारोबारियों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। व्यापारी पुलिस और फायर के जवानों से दुकान में रखे सामान को बचाने की गुहार लगाते दिखाई दे रहे थे। सिर्फ एक ही बात व्यापारियों के जुबां पर थी कि साहब हमें बर्बाद होने से बचा लो।

बर्बाद हो गया सब कुछ

हमराज कांप्लेक्स, नफीस टॉवर और मसूद काम्प्लेक्स के व्यापारियों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। भीषण अग्निकांड के दौरान सभी पुलिसकर्मियों के सामने रो-रोकर दुकान के सामान को बचाने की गुहार लगा रहे थे। सिर्फ एक ही बात सबकी जुबां पर थी- ‘साहब सब कुछ बर्बाद हो गया। कर्जा लेकर दुकान में माल भरा था। क्या सोचा था, क्या हो गया।’ इस आग में उनके सपने और अरमान भी जलकर राख हो गये हैं। इस दौरान आग से तबाही के बाद कई व्यापारियों के घरों की महिलाएं भी घटनास्थल पर रोती बिलखती नजर आईं और परिवार के सपनों को जलते हुए देखती रहीं। उन्होंने भरे गले से यही कहा कि पता नहीं ऊपरवाले ने उन्हें किस गुनाह की सजा दी है।

आग में झुलस गए 3 हजार परिवारों के सपने

कानपुर अग्निकांड में व्यापारियों के अरमान जलकर राख हो गए हैं और व्यापारी हर तरीके से टूट गए हैं। इन व्यापारियों के यहां काम करने वाले कर्मचारियों के घर के चूल्हे भी ठंडे हो गए हैं। लगभग 3 हजार कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। सालों से व्यापारियों के साथ काम कर रहे कर्मचारी अब जाएं तो जाएं कहां, यह सवाल उनके सामने आ खड़ा हुआ है। जहां व्यापारी के परिवार के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं तो वहीं कर्मचारियों के घर में भी मातम पसरा हुआ है।

Tags:    

Similar News