Lucknow Weather Today: लखनऊ में ठंडी हवाओं का असर, रात में गिर रहा पारा..दिन में धूप से मिलेगी राहत

Lucknow Ka Mausam 01 February 2023: IMD ने पूर्वानुमान में कहा कि, ठंडी हवाओं की वजह से यूपी सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में सर्दी बढ़ी है। अगले 3 दिन इन हवाओं का असर रहेगा।

Written By :  aman
Update: 2023-02-01 12:40 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 01 February 2023: यूपी की राजधानी लखनऊ लोगों को अब कड़ाके की ठंड से राहत मिलने लगी है। जनवरी का महीना समाप्त होते ही राजधानीवासियों को सर्दी के सितम से राहत के आसार हैं। बारिश के बाद से मौसम साफ होने लगा है। दोपहर के वक्त खिली धूप लोगों को सर्दी से कुछ हद तक राहत दे रही है। मगर, पहाड़ों से चल रही बर्फीली हवाएं शाम के बाद ठंड में इजाफा करती हैं। रात चढ़ने के साथ तापमान नीचे आ जाता है। लखनऊ में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल रहा है।

दरअसल, 15 जनवरी से लखनऊ में मौसम का मिजाज बदला हुआ था। कड़ाके की सर्दी के बाद बारिश ने भी सर्दी बढ़ाई। इस बीच बादलों की आवाजाही बरकरार रही। बीते हफ्ते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में इजाफा देखा गया था। लेकिन, इस समय भी न्यूनतम तापमान में कोई खास वृद्धि नहीं हुई है। बता दें, बुधवार (01 फरवरी) के लिए आंचलिक मौसम विभाग की ओर से भी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अनुमान जताया जा रहा है कि राजधानी लखनऊ में अगले दो दिन मौसम साफ रहेगा।

लखनऊ का मौसम दो दिन रहेगा साफ

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विभाग के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि, राजधानीवासियों को फिलहाल सर्दी से बहुत राहत नहीं मिलने वाली है। जैसे-जैसे रात गहरी होती जाएगी तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी। हालांकि, दिन का मौसम साफ रहेगा। लखनऊ में 25 जनवरी से रुक-रुक कर बारिश हो रही थी। जिसके साथ-साथ बादलों की आवाजाही भी जारी रही। इस बीच पहाड़ों से चलने वाली सर्द हवाओं ने तापमान में गिरावट जरूर लायी। जिस वजह से ठिठुरन बनी हुई थी। मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में बदले मौसम का असर भी लखनऊ में देखने को मिला।

रात में गिरेगा पारा, दिन में राहत

लखनऊ में बुधवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। लखनऊ का मौसम मंगलवार को काफी सुहावना रहा। सुबह आसमान साफ रहा। दिन के समय ठंडी हवाएं भी अच्छी लग रही थी। बुधवार को भी ऐसे ही सुहाने मौसम की उम्मीद जताई जा रही है। धूप के कारण दिन का तापमान थोड़ा बढ़ जायेगा। मगर, शाम होते-होते सर्दी शहर को अपनी आगोश में ले लेगी। मौसम विभाग की तरफ से बुधवार के लिए किसी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया। अनुमान है कि आगामी दो दिनों तक लखनऊ का मौसम अच्छा रहेगा।

बर्फीली हवाओं से गिरेगा तापमान

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पहाड़ों से चलने वाली ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आने की संभावना है। यूपी के मौसम विभाग के वैज्ञानिक दानिश अहमद ने बताया कि, अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आएगी। वहीं, हवाओं की रफ्तार पहले की अपेक्षा तेज रहेगी। प्रदेश में 17 से लेकर 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से हवा चल सकती है।

Tags:    

Similar News