Lucknow Weather Today: लखनऊ में थमी हवा की रफ्तार, अब चढ़ेगा तापमान...जानें राजधानी में आज मौसम का हाल

Lucknow Aaj Ka Mausam Ki Taja Jankari: हवाओं की रफ्तार आज से थम जाएगी। जिसके बाद तापमान चढ़ने का पूर्वानुमान जताया गया है। सर्द-गर्म के मौसम में सतर्क रहने की जरूरत है।

Written By :  aman
Update:2023-02-15 07:09 IST

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 15 February 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम तेजी से करवट ले रहा। तेज हवाओं का असर बुधवार (15 फरवरी) को नहीं दिखाई देगा। लेकिन, हवाओं ने राजधानी का तापमान नीचे ला दिया। राजधानी का तापमान सामान्य से दो-ढाई डिग्री सेल्सियस तक नीचे गया है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से रविवार से तेज हवाएं चल रही थी। धूल के गुबार ने लोगों को खासा परेशान किया। ठंड हवाओं से सिहरन पैदा हुई। आंचलिक मौसम विभाग की मानें तो बुधवार से तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी के आसार हैं।

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया, रविवार से ही लखनऊ में तेज हवा का असर देखने को मिला। जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को भी हवाओं का असर जारी रहेगा। राजधानी में दिन में चटख धूप के साथ हवा ज्यादा असर नहीं दिखा पाई। लेकिन, शाम होते ही ठंड बढ़ने लगती है। रात में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया। लोगों को एक बार फिर कंबलों में दुबकने को मजबूर होना पड़ रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 16 फ़रवरी से गर्मी फिर अपना रूप दिखाएगी।

हवाएं थमी, आज से चढ़ेगा पारा

लखनऊ में ठंडी हवाओं ने पिछले दो दिनों में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे ला दिया। शहर में 25-30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार से चलने वाली हवाओं ने लोगों को खासा परेशान किया। दोपहर में सड़कों पर निकलने वाले लोगों को धूल के गुबार का सामना करना पड़ा। आंचलिक मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया कि, बुधवार से तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। 19 फ़रवरी तक पारा ऊपर चढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस तक चला जाएगा। मंगलवार को सुबह से ही हवाओं का असर रहा। रविवार से ही वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से तेज हवाओं का प्रभाव देखने को मिल रहा था।

दो दिन राहत, 17 फ़रवरी से गर्मी का दौर शुरू

राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान बुधवार को 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि, अधिकतम तापमान में न्यूनतम की अपेक्षा ज्यादा बढ़ोतरी होगी। फिर से बढ़ी ठंड का असर अभी एक-दो दिन रहेगा। लेकिन, उसके बाद तापमान में लगातार वृद्धि होती जाएगी। हफ्ते के अंत तक राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। धीरे-धीरे उत्तरी-पश्चिमी हवाओं का जोर कम होगा। दिन-रात के पारे में लगातार वृद्धि होगी। 17-18 फ़रवरी से गर्मी महसूस होने लगेगी।

रहें बचकर, नहीं तो हो जाएंगे बीमार

मौसमी बदलाव से लोग बीमार हो रहे हैं। लखनऊ में सर्दी, जुकाम और बुखार के मामले बढ़ गए हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों में ज्यादा दिक्कतें देखने को मिल रहे है। मौसमी बदलाव के बीच डॉक्टर चेतावनी दे रहे हैं कि, अचानक गर्म कपड़ों से दूरी न बनाएं। नहीं तो सर्दी-जुकाम बीमार कर सकता है। बच्चों में बुखार के मामले देखने को मिल रहे हैं। फिजीशियन का कहना है कि, मौसम में हो रहे बदलाव में थोड़ी भी लापरवाही बीमार कर सकती है। इसलिए सुबह-शाम घर से बाहर निकलते समय सर्दी के कपड़े जरूर पहनकर निकलें।

Tags:    

Similar News