Lucknow Weather Today: लखनऊ में होगी इतने दिन बारिश, जानें कब मिलेगी ठंड से निजात ?

Lucknow Ka Mausam 21 January 2023: लखनऊ में 22 और 23 जनवरी को बारिश के आसार हैं। राजधानी में अभी भी शीतलहर जारी है। कई जिलों में अभी भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है।

Written By :  aman
Update: 2023-01-21 08:03 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 21 January 2023: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अब तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। लखनऊवासियों को कड़ाके की सर्दी से अब निजात मिलने के आसार नजर आ रहे हैं। लखनऊ के अधिकतम और न्यूनतम तापमान ऊपर चढ़ने लगे हैं। शनिवार (21 जनवरी) को लखनऊ का अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शुक्रवार शाम राजधानी में हल्की बारिश हुई। जिससे मौसम साफ नजर आ रहा है।   

लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार की दोपहर अच्छी धूप रही। जिससे लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिली। इस दौरान हवा की रफ्तार भी कम थी। इससे पहले, धूप के बावजूद लोगों को गलन का एहसास होता था। हालांकि, सुबह के वक्त राजधानी में घना कोहरा देखने के लिए मिला था।

लखनऊ में अभी भी शीतलहर 

आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में मौसम करवट ले रहा है। लेकिन, शीतलहर से अभी भी लखनऊ वासियों को कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही। इसी वजह से गलन का असर साफ-साफ दिख रहा है। लखनऊ में लोग खुद को सर्दी से बचाने के लिए घर में हीटर या ब्लोअर तो बाहर अलाव का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, मौसम पूर्वानुमान में बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में ठंड से राहत मिलने की संभावना है। 


लखनऊ में 22 और 23 जनवरी को बारिश के आसार 

लखनऊ स्थित मौसम विभाग के वैज्ञानिक मो दानिश ने बताया कि, आने वाले दिनों में राजधानी में धीरे-धीरे मौसम साफ होता जाएगा। शनिवार, 21 जनवरी से शहरवासियों को शीतलहर से थोड़ी निजात मिलेगी। मौसम विभाग ने पहले ही आशंका जताई है कि, लखनऊ में 22 और 23 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। लखनऊ ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश होने का अनुमान है। इस बीच प्रदेश में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि बदलते मौसम के मद्देनजर लोगों को अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए। लापरवाही बरतने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। 25 जनवरी 2023 के बाद लखनऊ का मौसम अभी की तुलना में ज्यादा साफ होने लगेगा। 

फैजाबाद सहित इन जिलों में ठिठुरे लोग

यूपी इन दिनों कड़कड़ाती सर्दी की चपेट में है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान काफी नीचे जा चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को फैजाबाद जिला सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। वहीं, बुंदेलखंड के झांसी, औद्योगिक नगरी कानपुर, वाराणसी तथा सुल्तानपुर में भी न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। संगम नगरी प्रयागराज में 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कहने का मतलब है कि, फ़ैजाबाद सहित ऊपर सभी जिलों में लोगों को ठिठुरन का एहसास हुआ।

Tags:    

Similar News