Lucknow Weather Today: लखनऊ में बारिश का अलर्ट, बादलों की आंखमिचौली जारी, कैसा रहेगा आज का मौसम ?

Lucknow Ka Mausam 27 January 2023: यूपी की राजधानी लखनऊ में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। बारिश के बाद तापमान ऊपर गया है। शुक्रवार को सर्दी का एहसास होगा।

Written By :  aman
Update: 2023-01-27 10:07 GMT

Lucknow Weather Today (Photo - Newstrack)

Lucknow Ka Mausam 27 January 2023: यूपी की राजधानी लखनऊ में दो दिनों की बारिश ने मौसम साफ कर दिया। लखनऊ वासियों को शीतलहर और कोहरे से निजात मिल गई है। मगर, बारिश ख़त्म होते ही न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जा रही है। लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा है। शुक्रवार (27 जनवरी) को राजधानी का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री के करीब रहने का अनुमान जताया गया है। गुरुवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

बारिश की वजह से लखनऊ का पारा थोड़ा नीचे जरूर गया है, लेकिन मौसम खुशगवार हो चला है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को बीते दो दिनों की तुलना में राजधानीवासियों को सर्दी महसूस होगी। शनिवार को भी कमोबेश यही हालात रहेंगे। मगर, रविवार से एक बार फिर तापमान ऊपर जाएगा। न्यूनतम तापमान में तेजी से ऊपर जाएगा उसकी तुलना में अधिकतम तापमान में कोई ज्यादा वृद्धि दर्ज नहीं की जाएगी।

बारिश से फसलों को फायदा, ऊपर चढ़ा पारा

लखनऊ वासियों को बीते दिसंबर महीने से कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा था। जनवरी के पहले दिन से हाड़ कंपाने वाली सर्दी देखने को मिल रही थी। मगर, इस हफ्ते हुई बारिश ने तापमान को ऊपर ले जाने में मदद की। लखनऊ सहित आसपास के जिलों में कहीं हल्की तो कहीं अधिक बारिश देखने को मिली। प्रदेश के कई जिलों में ओले भी गिरे। जिससे फसलों को नुकसान हुआ। वहीं, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हालिया बारिश से गेहूं की फसलों को फायदा होगा। ओलावृष्टि न हो तो ये बारिश गेहूं, सरसों और आम की फसल के लिए फायदेमंद रहने वाला है। गलन वाली ठंड से निजात मिली है।

आसमान में बादलों की आवाजाही

उत्तर प्रदेश की राजधानी सहित कई जिलों में इन दिनों अच्छी बारिश हुई। हालांकि, बारिश के बाद भी बादल छाए रहने के कारण ओस का असर देखने को नहीं मिल रहा है। इस कारण लोगों को कंपकंपी जैसा अहसास नहीं हुआ। गुरुवार को भी राजधानी के आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिली। आंचलिक मौसम विभाग के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश का कहना है कि बादल दिन में गर्मी को रोक लेते हैं, जिससे रात का तापमान सामान्य से अधिक रहता है। हालांकि, बादलों के कारण सूर्य की रोशनी नीचे तक नहीं पहुंच पाती, जिससे दिन में ठंड रहती है।

पूर्वांचल में भी मौसम ने ली करवट 

पूर्वांचल से पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक आसमान में बादलों का आना-जाना लगा है। गोरखपुर में आसमान में बादल छाए रहने के कारण तापमान बढ़ा है। दिन में धूप निकलने के बाद अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। वाराणसी में भी 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवाओं ने बादलों साफ किया। दिन में धूप निकलने से कई जिलों में तापमान में वृद्धि देखी जा रही है।

Tags:    

Similar News