Lucknow News: अगली दीवाली रूबी के पास होगा अपने सपनों का आशियाना, मुख्य सचिव के आश्वासन से जगी आस
Lucknow News: मुख्य सचिव ने अचानक गोसाईगंज ब्लॉक के सलौली मजरे के रघुनाथ खेड़ा में रूबी के परिवार के बीच पहुंचकर सभी को चौंका दिया।;
झोपड़ी में अपने परिवार के साथ रूबी। Photo- Newstrack
Lucknow News: यह दीवाली भले ही छप्पर के नीचे रात गुजार कर बीत गई लेकिन शायद अगली दीवाली रूबी के पास अपने सपनों का आशियाना होगा और उनके जीवन में खुशियों की बहार आएगी। यह आस रूबी के मन में मुख्य सचिव मनोज सिंह से मिले आश्वासन के बाद जगी है। दरअसल, 31 अगस्त को दीवाली के दिन मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह अपनी पत्नी रश्मि सिंह के साथ बिना किसी तामझाम और प्रोटोकॉल के अचानक गोसाईगंज के सलौली गांव पहुँच गए। यहाँ उन्होंने छप्पर के नीचे अपनी जिंदगी गुजार रही रूबी, उनके पति राम सागर और बच्चों से मुलाकात की।
गरीबी मुक्त योजना की पहली लाभार्थी बनी रूबी
मुख्य सचिव ने अचानक गोसाईगंज ब्लॉक के सलौली मजरे के रघुनाथ खेड़ा में रूबी के परिवार के बीच पहुंचकर सभी को चौंका दिया। यहाँ उन्होंने सबसे पहले रूबी और उनके परिवार को दीवाली की शुभकामनाएं दी साथ ही उनके परिवार को मिठाइयां और उपहार भेंट किए। इसके बाद मुख्य सचिव ने चारपाई पर बैठकर रूबी और उनके परिवार से काफी देर तक बात की। उन्होंने बताया कि रूबी के परिवार को जीरो पावर्टी स्कीम का पहला लाभार्थी चुना गया है। इसके तहत उनके परिवार की आय को सालाना 1.25 लाख तक बढ़ाया जाएगा। इससे उनकी जीवन शैली में सुधार होगा। इस योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख परिवारों की आय को बढ़ाया जाए। अभी परिवारों क चिन्हित करने का काम किया जा रहा है। इसी के तहत रूबी को इस योजना का प्रदेश भर में पहला लाभार्थी चुना गया है।
किसी को नहीं लगी मुख्य सचिव के आने की भनक
मुख्य सचिव का दौरा इतना गोपनीय रहा कि इसकी भनक किसी को नहीं लगी। यहाँ तक कि ग्राम प्रधान, ब्लॉक अधिकारी और स्थानीय पुलिस के पास भी इस दौरे की कोई जानकारी नहीं थी। आधिकारिक रूप से जब मुख्य सचिव कार्यालय से जानकारी साझा की गई तो सबको इस बात की सूचना मिल सकी। मुख्य सचिव ने रूबी से दोबारा भी मुलाकात करने का वादा किया है। वहीँ, मुख्य सचिव के दौरे के बाद से रूबी की झोपड़ी पर भी लोगों का आना-जाना शुरू हो गया है।