Lucknow Crime: रिटायर्ड IPS के घर में पति-पत्नी समेत नौकरों ने की थी चोरी, पुलिस ने दबोचा

Lucknow Crime: रिटायर्ड IPS अधिकारी राजबाबू ने इसी साल जुलाई में अपने विनीतखंड स्थित आवास पर काम करने के लिए दो लोगों को बुलाया था।

Report :  Santosh Tiwari
Update:2024-09-11 18:15 IST

पुलिस गिरफ्त में आरोपी। Photo- Newstrack

Lucknow Crime: गोमती नगर के विनीत खंड में रिटायर्ड IPS अधिकारी के घर में चोरी की वारदात को नौकरों ने अंजाम दिया था। चोरी करने वालों में दो लोग पति-पत्नी हैं। इस बात का खुलासा बुधवार को लखनऊ पुलिस ने किया है। घटना का खुलासा करते हुए डीसीपी ईस्ट शशांक सिंह ने कहा कि इन लोगों ने घर में काम करने के दौरान वारदात को अंजाम दिया है। परिवार को जब घटना का पता चला तो उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मुकदमा दर्ज कर गोमती नगर पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की थी। इसी के आधार पर पुलिस ने पंकज गुप्ता, विशाल सिंह और एक महिला अनीता गुप्ता उर्फ़ डिंपल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान भी बरामद किया है।

काम के बहाने पार किया सामान

रिटायर्ड IPS अधिकारी राजबाबू ने इसी साल जुलाई में अपने विनीतखंड स्थित आवास पर काम करने के लिए दो लोगों को बुलाया था। आरोप है कि दोनों ने काम करने के दौरान मकान के तीसरे मंजिल पर बने बेडरूम की अलमारी की चाभी चोरी कर ली। इसके बाद दोनों ने एक के बाद एक करीब 50 लाख रुपये के गहने व अलमारी में रखी नकदी पार कर दी। राजबाबू की पत्नी ने चाभी ढूंढी तो उन्हें चाभी नहीं मिली। हालाँकि उन्हें लगा की चाभी शायद उन्होंने ही कहीं रख दी होगी और इस पर उन्होंने ज्यादा नहीं दिया। कुछ दिन बाद उन्हें चाभी मिल गई। उन्होंने अलमारी खोल कर देखी तो चोरी का पता चला। इसके बाद जौनपुर के कोतवालपुर गांव निवासी पंकज गुप्ता पुत्र अशोक गुप्ता व अयोध्या जनपद के कोरोराघवपुर गांव निवासी विशाल सिंह पुत्र सत्यप्रकाश सिंह के खिलाफ BNS की धारा 306/317 (2) के तहत केस दर्ज कराया गया।

जाँच में सामने आई महिला की संलिप्तता

पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की तो वारदात में एक महिला की संलिप्तता भी पता चली। इसके बाद पुलिस ने पंकज गुप्ता व विशाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महिला अनीता गुप्ता उर्फ़ डिम्पल को भी गिरफ्तार किया। आरोपी अनीता पंकज गुप्ता की पत्नी है। वह चोरी की घटना में अपने पति के साथ ही शामिल थी। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी शैलेन्द्र की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस प्रयास कर रही है।

चोरी का सामान भी बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान भी बरामद किया है। इसमें चार पीली धातु के कंगन, 2 हार, 1 मंगलसूत्र, 1 मंगलसूत्र पैंडल, 2 नाक की कील, 2 कान के सुई धागा, 2 बाली, नथुनी, 4 पायल, पायजेब, करधनी, 6 बिछिया, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो बरामद की है। फ़िलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि एक फरार अभियुक्त की तलाश जारी है। 

Tags:    

Similar News