Lucknow Zoo में दरियाई घोड़े ने खेला खूनी खेल, सफाईकर्मी पर किया हमला, मौत

LucknowNews: नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में सोमवार को कर्मी पर अचानक दरियाई घोड़े ने हमला कर दिया। सफाई कर्मचारी को उपचार के लिए आनन-फानन में सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गयी।

Update: 2023-12-18 08:14 GMT

लखनऊ जू में दरियाई घोड़े के हमले से सफाईकर्मी की मौत (आशुतोष त्रिपाठी)

Lucknow News: लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में सोमवार को एक दर्दनाक घटना घटित हुई। यहां बाड़े के सफाई करने गये दो कर्मचारियों पर अचानक दरियाई घोड़े ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल एक सफाई कर्मचारी को उपचार के लिए आनन-फानन में सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गयी। वहीं गंभीर रूप से घायल एक अन्य सफाईकर्मी का उपचार चल रहा है। सफाई कर्मचारी की मौत की घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं चिड़ियाघर प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

सोमवार को बंद रहता है प्राणि उद्यान

मिली जानकारी के अनुसार कैंपवेल रोड के बरौरा थाना क्षेत्र के ठाकुरगंज निवासी सूरज बीते 12 सालों से राजधानी लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्य रहा था। सोमवार को प्राणि उद्यान बंद रहता है और इस दिन सभी जानवरों के बाड़ों की सफाई और देखरेख का कार्य किया जाता है। इसी क्रम में प्राणि उद्यान में सूरज और राजू सोमवार को लगभग 10 बजे मादा दरियाई घोड़े (इन्द्रा) के बाड़े की सफाई करने गये थे। मादा दरियाई घोड़ा (इन्द्रा) अभी कुछ दिनों पहले ही कानपुर चिड़ियाघर से प्राणि उद्यान लायी गयी है।

इसी दौरान हिप्पो (इन्द्रा) ने सूरज और राजू पर हमला कर दिया। हिप्पो शाकाहारी जानवर है। हालांकि इस तरह के हमले की आशंका नहीं रहती है। वहीं सूरज भी वन्यजीवों के व्यवहार से बखूबी वाकिफ था। लेकिन सोमवार को अचानक हिप्पो ने किन कारणों से सूरज को पटक दिया। दरियाई घोड़े (इन्द्रा) के हमले के बाद दोनों सफाई कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों की चीखने की आवाज सुनकर चिड़ियाघर के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो सूरज और राजू को लहुलूहान हालत में देख दंग रह गये।

आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल सूरज को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान सूरज ने दम तोड़ दिया। वहीं राजू को उपचार चिड़ियाघर में स्थित अस्पताल में चल रहा है। सूरज की मौत की खबर मिलने के बाद चिड़ियाघर प्रशासन में हड़कंप मच गया। वहीं घटना की जानकारी होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

कोई नहीं बचा कमाने वाला

सूरज बीते 12 सालों से लखनऊ प्राणि उद्यान में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि 5500 रुपए प्रति माह के वेतन पर सूरज प्राणि उद्यान में काम कर रहा था। सूरज के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। सूरज की मौत के बाद परिवार में अब कमाने वाला कोई भी नहीं बचा है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी होने पर चिड़ियाघर की निदेशक अदिति शर्मा भी सिविल अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि सूरज के परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी।

Tags:    

Similar News