Imtiaz Qureshi: भारत के मशहूर शेफ इम्तियाज कुरैशी का निधन, 2016 में पद्मश्री से हुए थे सम्मानित

Imtiaz Qureshi: भारत के मशहूर शेफ इम्तियाज कुरैशी का 93 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे।

Update: 2024-02-17 08:19 GMT

भारत के मशहूर शेफ इम्तियाज कुरैशी का निधन (सोशल मीडिया)

Lucknow News: भारत के मशहूर शेफ इम्तियाज कुरैशी का 93 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनका उपचार मुंबई के लीलावती अस्पताल में चल रहा था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। इम्तियाज कुरैशी के निधन की जानकारी उनके बेटे इश्तियाक कुरैशी ने दी। भारत के दिग्गज शेफ इम्तियाज कुरैशी खाना पकाने की दमपुख्त शैली की पुरानी-लखनवी परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए मशहूर थे। उनके बेटे इश्तियाक ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता मधुमेह से पीड़ित थे और वह पिछले 14 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। बीते शुक्रवार को अचानक उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गयी थी। डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। इससे पहले उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताया था और वीडियो कॉल के माध्यम से सभी घरवालों से बात की थी। शेफ इम्तियाज कुरैशी के पांच बेटे और दो बेटियां हैं।

लखनऊ में हुआ था जन्म

मशहूर शेफ इम्तियाज कुरैशी का जन्म लखनऊ में 2 फरवरी 1931 में एक शेफ परिवार में हुआ था। साल 2016 में केंद्र सरकार ने पाक कला में उनके योगदान के लिए देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया था। मशहूर शेफ इम्तियाज कुरैषी पद्मश्री हासिल करने वाले शेफ समुदाय के पहले व्यक्ति थे। पांच दशक से अधिक लंबे करियर के दौरान इम्तियाज कुरैशी ने 1960 के दशक में जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी जैसे नेताओं को कई भव्य भोज दिए।

सोशल मीडिया पर छायी शोक की लहर

भारत के मशहूर शेफ इम्तियाज कुरैशी के निधन के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गयी। शेफ कुणाल कपूर ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि बहुत भारी मन के साथ पद्मश्री शेफ इम्तियाज कुरैशी के निधन की दिल दहला देने वाली खबर बताते हुए दुख हो रहा है। जो आज सुबह ही इस दुनिया को सदा के लिए अलविदा कह गए। वहीं गायक अदनान सामी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह जानकर दुख हुआ कि पद्मश्री मास्टर शेफ इम्तियाज कुरैशी का निधन हो गया है। वह प्रतिभा और जीवन के प्रति उत्साह से भरे व्यक्ति थे। अवधी व्यंजन के जनक और उनकी बिरयानी दुनिया को खिलाई जाने वाली हर चीज के बीच प्रसिद्ध थी। उनके निधन पर शेफ रणवीर बराड़ ने भी दुख जताया है।

Tags:    

Similar News