Lucknow News: PWD के डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ की बिल्डिंग को लखनऊ नगर निगम ने किया सील, 30.41 लाख का बकाया हाउस टैक्स
Lucknow News: डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ पर नगर निगम का 30.41 लाख रुपए टैक्स के तौर पर बकाया है, जिसके चलते ही गुरुवार को सीलिंग की कार्रवाई की गई।;
Lucknow News
Lucknow News: लखनऊ नगर निगम की ओर से हाउस टैक्स बकाया होने के चलते सीलिंग की कार्रवाई तेज कर दी गई है। लगातार शहर के बड़े बड़े भवनों की हो रही सीलिंग की कार्रवाई के बीच गुरुवार सुबह नगर निगम की टीम ने पीडब्लूडी के डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ की बिल्डिंग को सील कर दिया गया। सुबह अचानक निगम की जोन 1 की टीम ने डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ की बिल्डिंग के मुख्य द्वार को सील कर दिया। बताया जाता है कि डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ पर नगर निगम का 30.41 लाख रुपए टैक्स के तौर पर बकाया है, जिसके चलते ही गुरुवार को सीलिंग की कार्रवाई की गई।
PWD पर नगर निगम का बकाया 2 करोड़ से अधिक का टैक्स
अफसरों ने जानकारी देते हुए बताया कि डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ पर 30 लाख से अधिक का टैक्स बकाया होने के साथ साथ PWD पर नगर निगम का 2 करोड़ से अधिक का टैक्स बकाया है। डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ पैड बकाए टैक्स को लेकर कई बार बड़े अफसरों को जानकारी देते हुए PWD को नोटिस भी भेजा गया लेकिन उधर से न कोई जवाब आया और न ही बकाया टैक्स जमा किया गया। PWD के अफसरों की ओर से इस मामले में दिखाई जा रही लापरवाही के चलते गुरुवार को इंजीनियरिंग संघ की बिल्डिंग को सील किया गया है।
टैक्स बकाया के चलते PWD के 5 भवन पहले हो चुके हैं सील
आपको बता दें कि बीते 15 फरवरी को लखनऊ नगर निगम की ओर से जोन-2 के वार्ड मालवीय नगर में बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई करते हुए अभियान चलाया गया था। इस अभियान में लोक निर्माण विभाग यानी PWD के अंतर्गत करीब 5 भवनों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई थी। बताया गया था कि लोक निर्माण विभाग में सील हुए भवनों पर हाउस टैक्स का 1.70 करोड़ रुपये बकाया था, जिसके चलते ये सीलिंग की कार्रवाई की गई थी।