Lucknow Crime: सिपाही ने की पत्नी की गोली मारकर हत्या, खुद को भी मारी गोली, गंभीर हालत में केजीएमसी रेफर

Lucknow Crime: कानपुर का रहने वाला सर्वेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात था। वह कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर में अपनी पत्नी मीरा के साथ रहता था।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-08-16 16:42 GMT

Symbolic Image: Social Media

Lucknow Crime: शुक्रवार की शाम राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर में हैरान कर देने वाली घटना हुई है। थाना क्षेत्र के आजाद नगर इलाके में उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात सर्वेश ने अपनी पत्नी मीरा की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी गोली मार ली। घटना में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस ने इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कानपुर का रहने वाला सर्वेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात था। वह कृष्णा नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर में अपनी पत्नी मीरा के साथ रहता था। उसकी पत्नी लखनऊ में ही डाकघर में बाबू है। शुक्रवार की शाम दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद सिपाही ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। जिससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इसके बाद सिपाही ने खुद को भी गोली मार ली। हादसे में उसकी हालत भी गंभीर है। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, नाजुक हालत में सिपाही सर्वेश को इलाज के लिए केजीएमयू में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में सिपाही का इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना के बाद उच्चाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर जाँच पड़ताल की है। 

आसपास जुटी लोगों की भीड़

हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। मामले की जाँच पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हुआ था। आज फिर किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी। जिसके बाद सिपाही सर्वेश ने इस घटना को अंजाम दे दिया।

विवाद की वजह स्पष्ट नहीं

शुरुआती जाँच पड़ताल में अभी तक विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद पुलिस ने दोनों के फोन जाँच के लिए अपने कब्जे में लिए हैं। विस्तृत जाँच के बाद ही हादसे की मुख्य वजह सामने आ सकेगी। 

Tags:    

Similar News