Lucknow News: हवस बन गई खौफनाक कांड, गोली लगने से प्रेमिका घायल, पूर्व प्रेमी को ठाकुरगंज पुलिस ने किया गिरफ्तार

Lucknow News: आरोपी ने खुद को अनदेखा किए जाने से आहत होकर घर में घुसकर महिला पर फायर कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी।;

Update:2025-03-25 19:44 IST

Lucknow News (Image From Social Media)

Lucknow News: लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में बीते शनिवार देर रात महिला पर फायरिंग करने का मामला सामने आया था। इस मामले में बताया जाता है कि आरोपी महिला का पूर्व प्रेमी था, जो कि महिला पर बात करने का दबाव बना रहा था। आरोपी से खुद को अनदेखा किए जाने से आहत होकर घर में घुसकर महिला पर फायर कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। आनन फानन में महिला को KGMU के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, मंगलवार को इस पूरे मामले में फरार चल रहे महिला के पूर्व प्रेमी को लखनऊ की ठाकुरगंज पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए घटना के पीछे की वजह का खुलासा किया।

10 साल पहले हुई थी महिला के पति की मौत, घर आता जाता था पूर्व प्रेमी

इस मामले को लेकर इंस्पेक्टर ठाकुरगंज श्रीकांत राय ने जानकारी देते हुए बताया कि सआदतगंज थाना क्षेत्र के चौपटिया निवासी यूसुफ उर्फ भइयू का ठाकुरगंज इलाके में रहने वाली महिला से पूर्व में प्रेम प्रसंग था। महिला के पति का बीमारी के चलते करीब 10 वर्ष पहले देहांत हो गया था, जिसके बाद से उसके प्रेमी का महिला के घर आना जाना लगा रहता था। महिला अपने घर में अपनी 3 बेटी 1 बेटे के साथ रहती थी। बताया जाता है कि बीते करीब एक महीने से महिला ने अपने पूर्व प्रेमी यूसुफ उर्फ भइयू से बात करना बंद कर दिया, जिसके बाद से लगातार यूसुफ महिला पर बात करने का दबाव बना रहा था।

भांजे के साथ शुरू हुआ अफेयर, पूर्व प्रेमी ने रंगे हाथों पकड़ा

बताया जाता है कि बीते शनिवार की सुबह आरोपी यूसुफ महिला के घर पहुंचा था। इस दौरान आरोपी से बात न करने को लेकर यूसुफ और महिला के बीच काफी कहासुनी व झगड़ा हुआ। उस दौरान परिवार के लोगों ने बीच-बचाव करके दोनों को हटा दिया। जिसके बाद शनिवार व रविवार की मध्य रात करीब 2 बजे यूसुफ दोबारा से महिला के घर पहुंच गया। बताया जाता है कि इस दौरान यूसुफ ने महिला को उसके भांजे के साथ आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथों पकड़ लिया, जिसे देखकर वह क्रोधित हो गया और देखते ही देखते महिला पर फायर कर दिया।

महिला की पीठ पर लगी गोली, भांजे पर भी किया फायर

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की ओर से चलाई गई गोली महिला की पीठ में जाकर लगी। तभी मौके पर मौजूद महिला का भांजा आरोपी यूसुफ से भिड़ गया। आरोपी यूसुफ ने उस पर भी फायरिंग कर दी लेकिन गोली महिला के भांजे के दाहिने हाथ पर रगड़ती हुई निकल गई। फायरिंग की आवाज से इलाके के लोग जमा होने लगे तो आरोपी यूसुफ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि महिला का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। वहीं, मंगलवार को हुई आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल 32 बोर की रिवॉल्वर बरामद की गई।

Tags:    

Similar News