Lucknow: महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले वकील के खिलाफ कसा शिकंजा, बढ़ी धारा

Lucknow News: इस मामले में वकील ने ही महिला को घटना के लिए उकसाया था। 2 अगस्त से 6 अगस्त के बीच उन्नाव के पुरवा निवासी वकील सुनील कुमार से महिला की करीब 57 बार मोबाइल से बात हुई थी।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-08-12 06:07 GMT

आरोपी वकील, मृतका अंजली (फाइल फोटो)

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास के सामने उन्नाव निवासी महिला अंजली जाटव को आत्मदाह करने के लिए उकसाने के मामले में लखनऊ पुलिस ने आरोपी वकील के खिलाफ शिकंजा कसा है। वकील को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। रविवार को महिला की मौत के बाद आरोपी के खिलाफ आत्महत्या दुष्प्रेरण की धारा भी बढ़ाई गई है। इस मामले में वकील ने ही महिला को घटना के लिए उकसाया था। 2 अगस्त से 6 अगस्त के बीच उन्नाव के पुरवा निवासी वकील सुनील कुमार से महिला की करीब 57 बार मोबाइल से बात हुई थी। इसकी रिकॉर्डिंग भी पुलिस को महिला के फोन से बरामद हुई थी। धारा बढ़ाए जाने के बाद इस मामले में वकील को 10 साल तक की जेल हो सकती है।

वकील ने ही महिला को दी थी ऐसा करने की सलाह

उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत छत्ता खेड़ा गांव निवासी अंजली जाटव ने अपने पति समेत अन्य ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुरवा थाने की पुलिस ने पति देशराज और देवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अंजली ससुराल के अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रही थी। इसी मांग को लेकर वकील ने उसे लखनऊ में आत्महत्या करने की सलाह दी थी। साथ ही यह भी कहा था कि सीएम आवास के पास ही वह इस घटना को अंजाम दे। इसके बाद 6 अगस्त को महिला ने सीएम आवास के सामने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी। हादसे में वह लगभग पूरी तरह जल गई थी। इसके बाद आनन-फानन में मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां नाजुक हालत में उसका इलाज चल रहा था।

रविवार को हुई थी महिला की मौत

6 अगस्त को वारदात के बाद से महिला का KGMU में इलाज चल रहा था। करीब 5 दिन चले इलाज के बाद रविवार को महिला की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। जिसे लेकर वह उन्नाव रवाना हो गए। वहीं, मृतका के एक दो साल का बेटा भी था। उसके सिर से मां का साया हमेशा के लिए दूर हो गया है।

Tags:    

Similar News