Lucknow News: सरकार ने यूपी को बनाया फेक एनकाउंटर की राजधानी, अयोध्या में जमकर की लूट: अखिलेश

Lucknow News: आज राजधानी लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अखिलेश यादव ने मंगेश यादव एनकाउंटर पर योगी सरकार को घेरा है।

Report :  Santosh Tiwari
Update:2024-09-12 14:12 IST

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस (Newstrack) 

Lucknow News: गुरुवार को सपा के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने एनकाउंटर से लेकर अयोध्या में जमीन की खरीद फरोख्त तक पर बड़े आरोप लगाए। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या को वर्ड क्लास सिटी बनाने की हमारी इच्छा है। दो साल बाद सरकार आने पर अयोध्या को वर्ड क्लास सिटी बनाएंगे। हमारी सरकार में किसी किसान की जमीन नहीं छीनी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सर्किल रेट बढ़ाकर मुआवजा देंगे। इस समय प्रदेश में लूट मची हुई है। अपराध चरम पर है। सुल्तानपुर में जो घटना हुई वो पहली घटना नहीं है पहली भी ऐसी घटनाएं की गई हैं।

प्रदेश को बनाया फेक एनकाउंटर की राजधानी

प्रेस वार्ता में अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को फेक एनकाउंटर की राजधानी बना दिया है। एनकाउंटर को लेकर प्रदेश में झूठी कहानी पढ़ी जा रही है। कोई ऐसा व्यक्ति नहीं जो यह नहीं जानता की भाजपा सरकार में फेक एनकाउंटर हो रहे हैं। मंगेश की हत्या की गई। यह पूरा गांव जानता है। रात में STF उसे उठा कर ले गई। उसके पास नया बैग था, शोरूम से लिए गए नए कपड़े थे। मंगेश के पास जो बाइक मिली उसकी चोरी की FIR भी काफी दिन बाद हुई। एनकाउंटर करने वालों ने कैसी होशियारी दिखाई की चप्पल में एनकाउंटर कर दिया। सबसे ज्यादा हत्याएं PDA परिवार के लोगों की हुई हैं।


भाजपा किसी की सगी नहीं- अखिलेश 

अखिलेश ने कहा कि जिसका दिल और सोच नकारात्मक हो वह विनाश करेगा विकास नहीं। अगर दिमाग होता तो चप्पल में एनकाउंटर नहीं करते। जहां ये सरकार लूट कर रही है वहीं एनकाउंटर करके डराना चाह रही है। अधिकारी बैठ कर रणनीति बनाते हैं कि किसको ढूंढकर एनकाउंटर करना है। केवल फेक एनकाउंटर नहीं बल्कि संविधान के अधिकारों को यह सरकार छीन रही है। 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी भी लगातार आंदोलित हैं। भाजपा किसी की सगी नहीं है। यह सिर्फ लोगों को लड़ाती है। भाजपा सरकार की लूट की सूची दोनों सदनों में दी जाएगी। अभी कुछ नाम आए हैं आगे और भी भाजपा नेता और अधिकारियों के नाम सामने आएंगे।

मायावती द्वारा फोन न उठाए जाने वाले बयान पर अखिलेश ने कहा कि जब गठबंधन टूटा तो मैं आजमगढ़ में सपा बसपा नेताओं के साथ मंच पर था मैंने कारण पूछने के लिए स्वयं फोन किया था। ऐसे आरोप सिर्फ वही लगाते हैं जिनके पास अपना कुछ नहीं होता है।

पवन पांडेय ने अयोध्या में जमीनों की कालाबाजारी के लगाए आरोप

पूर्व मंत्री व सपा नेता पवन पांडेय ने अयोध्या को लेकर सरकार और अधिकारियों पर बड़े आरोप लगाए। जमीन की कालाबाजारी, मुआवजे और विकास को लेकर पूर्व मंत्री ने भाजपा सरकार को घेरा है। पवन पांडेय ने कहा कि अयोध्या रेंज में सेना की करीब 13 हजार एकड़ जमीन है। जहां सेना कि ओर से सैन्य युद्धाभ्यास किए जाते थे। उन जमीनों पर BJP नेताओं और अधिकारियों ने प्लॉटिंग कर डाली। उन्होंने भाजपा के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख ऊषा सिंह के पुत्र शिवेंद्र सिंह, सीपी शुक्ला पर सैन्य जमीन खरीदने का आरोप लगाया। पवन पांडेय का कहना है कि भाजपा के संरक्षण में अधिकारी सेना की जमीन पर प्रॉपर्टी डीलिंग कर रहे हैं। इस जमीन से 13 ग्राम सभाओं को बाहर करने का भी आरोप लगाया।

Tags:    

Similar News