Lucknow News: 1090 चौराहे पर 'उत्तर प्रदेश की बेटी' ने लगाया पोस्टर, रेप की घटनाओं पर भाजपा को घेरा, लिखा: महिला विरोधी भाजपा

Lucknow News: 1090 चौराहे पर लगे पोस्टर में देश भर के विभिन्न राज्यों में हुई घटनाओं का जिक्र है। इसमें मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाने की घटना को भी दर्शाया गया है।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-08-05 13:47 GMT

1090 चौराहे पर लगा पोस्टर। Photo- Newstrack 

Lucknow News: प्रदेश में रेप की वारदातों पर राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है। अब किसी अज्ञात ने 'उत्तर प्रदेश की बेटी' नाम से राजधानी के 1090 चौराहे पर भाजपा को घेरते हुए पोस्टर लगा दिया है। इस पोस्टर में भाजपा को महिला विरोधी लिखा गया है। साथ ही उन घटनाओं का भी जिक्र किया गया है जिसमें भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर आरोप लगे थे। इसमें लिखा गया है कि 'बाबा का बुलडोजर कहाँ है ? बलात्कारियों को संरक्षण और पीड़िता पर राजनीती करना बंद करो। गोरखपुर, उन्नाव, बनारस में कब चलेगा बुलडोजर ?' हालाँकि पोस्टर किसने लगाया यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। 

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा नेता पूजा शुक्ला ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश की बेटी ने पोस्टर लगाया है। जिसमें उसने तमाम मुद्दों का जिक्र किया है। कैसे अपराध हो रहा है, NCRB का डाटा क्या कह रहा है। लगातार महिलाओं के साथ यौन शोषण की घटनाएं बढ़ रही हैं लेकिन न्याय और अन्याय की बात वहीं हो रही है जहां भाजपा को लाभ लेना है। आगे उन्होंने कहा कि भाजपा का बुलडोज़र सिर्फ उसी तरफ जा रहा है जहां निर्दोष लोग रहते हैं और निर्दोषों को परेशान करना होता है।

पढ़िए पोस्टर में और क्या लिखा

- वाराणसी में भाजपा के नेताओं ने छात्रा का बलात्कार किया और भाजपा ने उसे संरक्षण दिया।

- बाराबंकी में सचिवालय में नौकरी का झांसा देकर भाजपा नेता ने महिला के साथ दुष्कर्म किया।

- कुशीनगर का मामला है जहां भाजपा नेता ने किशोरी को घर में बुलाकर दुष्कर्म का प्रयास किया।

- यूपी, झारखंड, कर्नाटक, उत्तराखंड जैसे तमाम राज्यों में भाजपा नेताओं में महिलाओं के साथ दुष्कर्म के मामले हैं।

- उन्नाव से लेकर गोरखपुर, हाथरस तक बलात्कारियों का समर्थन करती रही भाजपा।

पोस्टर में लगाई अख़बारों की कटिंग

1090 चौराहे पर लगे पोस्टर में देश भर के विभिन्न राज्यों में हुई घटनाओं का जिक्र है। इसमें मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाने की घटना को भी दर्शाया गया है। साथ ही  कासगंज में छात्रा को बंधक बनाकर दुष्कर्म किए जाने की घटना, वाराणसी में भाजपा नेता की बेटी का स्कूल जाते समय अपहरण, वाराणसी में गैंगरेप की वारदात में भाजपा कार्यकर्ताओं का जिक्र, उन्नाव में कुलदीप सिंह सेंगर द्वारा की गई घटना और हाल ही में रवि किशन पर एक महिला और उसकी बेटी द्वारा लगाए गए आरोपों का तस्वीरों समेत लिखा गया है।

पुलिस को नहीं मिला पोस्टर

वहीं, पोस्टर लगने की घटना का पुलिस ने भी संज्ञान लिया और मौके पर जाँच के लिए फ़ोर्स को भेजा गया। हज़रतंगज पुलिस ने कहा कि टीम को जाँच के लिए भेजा गया था लेकिन वहां पर कोई पोस्टर नहीं मिला है। ऐसा लग रहा है कि कोई गाड़ी से आया और फ़ोटो खिंचवाया उसके बाद चला गया होगा। जबकि पोस्टर करीब 2 घंटे तक उसी जगह लगा रहा। 1090 चौराहे पर पुलिस बल तैनात रहती है इसके बावजूद पुलिस को पोस्टर नहीं मिला।

Tags:    

Similar News