Lucknow News: CM आवास के बाहर महिला ने खाया जहर, दबंगों से थी परेशान

Lucknow News: पुलिस ने महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। उसका इलाज जारी है।

Report :  Santosh Tiwari
Update:2024-09-21 12:09 IST

अस्पताल में भर्ती महिला (Pic: Newstrack)

Lucknow News: लखनऊ सीएम आवास के बाहर महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। बताया जा रहा है कि महिला दबंगों से परेशान थी। लंबे वक्त से न्याय के लिए भटक रही महिला ने परेशान होकर यह कदम उठाया। जानकारी के अनुसार महिला का मकान दबंगों ने कब्जा कर लिया है। साथ ही उसके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी है। महिला का नाम रुखसाना बताया जा रहा है। वह 35 वर्ष की है। महिला जनपद फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद के की रहने वाली है। पुलिस ने महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।

थाने में नहीं हुई सुनवाई

मूलरूप से फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद स्थित रुकनपुरा गांव की महिला रुखसाना (35) आज सुबह ही लखनऊ पहुंची थी। यहां वह रुकनपुरा गांव स्थित अपनी जमीन का दबंगों द्वारा फर्जी बैनामा कराने के बाद परेशान होकर पहुंची थी। महिला का आरोप है कि कई बार शिकायतों के बावजूद स्थानीय तहसील और थाने में सुनवाई नहीं हुई। इसी वजह से उसे यह कदम उठाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे वह बस से लखनऊ आई और यहां CM आवास के पास पहुंचने के पहले ही जहरीला पदार्थ खा लिया। थोड़ी देर पैदल चलने पर उसे चक्कर आने शुरू हो गए। इसके बाद महिला वहीं बैठ गई।

पुलिस ने पूछा तो बताई जहर खाने की बात

महिला जब चक्कर खाकर CM आवास के पास बैठ गई तो वहां तैनात पुलिसकर्मी उसके पास पहुंचे। जब पुलिस कर्मियों ने महिला से पूछा कि क्या हुआ है तब उसने जहर खाने की बात बताई इसके बाद इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई और महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल सिविल अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है। घटना के बाद डीजीपी ऑफिस से भी मामले की रिपोर्ट मांगी गई है।

हरकत में आई फिरोजाबाद पुलिस

फिरोजाबाद के सूत्रों के अनुसार इस घटना के बाद डीजीपी मुख्यालय की ओर से फिरोजाबाद पुलिस से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की गई है। इसके बाद फिरोजाबाद पुलिस हरकत में आ गई है। आनन फानन में पुलिस टीम महिला के रुकनपुरा गांव पहुंची है। यहां मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, महिला के इस कदम से लखनऊ से लेकर फिरोजाबाद तक हड़कंप मच गया है।

Tags:    

Similar News