Lucknow Crime: सीएम आवास के सामने पेट्रोल डालकर खुद को जलाने वाली महिला हारी ज़िंदगी की जंग, KGMU में थमीं सांसें

Lucknow Crime: 6 अगस्त को उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र के छत्ता खेड़ा गांव निवासी महिला अंजलि जाटव मुख्यमंत्री के जनता दरबार में ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर शिकायत करने के लिए आई थी।

Report :  Santosh Tiwari
Update: 2024-08-11 14:13 GMT

KGMU: Photo- Social Media

Lucknow Crime: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास के सामने बीते 6 अगस्त को अपने ऊपर पेट्रोल डालकर जलाने वाली महिला अंजली जाटव ने 11 अगस्त को इलाज के दौरान केजीएमयू में दम तोड़ दिया। घटना में उसका शरीर पूरी तरह जल गया था। उसकी हालत लगातार बेहद नाजुक बनी हुई थी। आखिरकार आज उसकी सांसे थम गई। महिला को वकील सुनील कुमार ने घटना के लिए उकसाया था। जिसके बाद उसने खुद के ऊपर पेट्रोल डाल कर आग लगाई थी। जाँच के दौरान उकसाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने वकील को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

यह था मामला

बीते 6 अगस्त को उन्नाव के पुरवा थाना क्षेत्र के छत्ता खेड़ा गांव निवासी महिला अंजली जाटव मुख्यमंत्री के जनता दरबार में ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर शिकायत करने के लिए आई थी। महिला के साथ उसका छोटा बच्चा भी था। जनता दरबार से बाहर निकलकर सुबह करीब 9:10 बजे महिला ने अपने बैग को सड़क के किनारे रख दिया और बच्चे को उसके पास बिठा दिया। इसके बाद बैग से पेट्रोल की बोतल निकालकर खुद के ऊपर डालकर आग लगा ली। आसपास में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया था लेकिन तब तक महिला पूरी तरह से जल गई थी। आनन-फानन में इलाज के लिए उसे सिविल अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया। जहां से हालत नाजुक होने के चलते उसे KGMU रेफर कर दिया गया था। आज इलाज के दौरान KGMU में उसकी मौत हो गई।

वकील को थी हर बात की जानकारी

हादसे के बाद लखनऊ पुलिस ने महिला के मोबाइल और सामान को कब्जे में ले लिया था। जिसके बाद जाँच के दौरान महिला के मोबाइल से कई रिकॉर्डिंग मिली थी। इनमें वकील सुनील कुमार की 2 से 6 तारीख के बीच महिला से हुई बातचीत की करीब 57 रेकॉर्ड्स मिले। जाँच में पता चला की वकील ने ही महिला को सीएम आवास के सामने आत्मदाह करने से सम्बंधित सलाह दी थी। साथ ही उसने यह भी बताया था कि पेट्रोल कहाँ से और कैसे लेकर लखनऊ जाना है। वकील को महिला के हर एक कदम की जानकारी थी। वारदात से 20 मिनट पहले भी पीड़िता ने वकील से फ़ोन करके कहा था कि वह बताई हुई जगह पर पहुँच गई है। इस पर वकील ने 'करो' कहा था। इसी के बाद अंजली ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया था।

Tags:    

Similar News