Meerut News: नीतीश के विवादित बयान पर बवाल जारी, बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने बिहार के सीएम का फूंका पुतला

Meerut News: प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीतीश कुमार ने जिस तरह की बातें सदन में कही है उन्हें अपने पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।

Report :  Sushil Kumar
Update:2023-11-09 15:01 IST

महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन (Newstrack)

Meerut News: जनसंख्या नियंत्रण में महिलाओं की शिक्षा की भूमिका पर राज्य विधानसभा में अपनी "अपमानजनक" टिप्पणी के एक दिन बाद, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बेशक सदन के भीतर और बाहर दोनों जगह माफी मांग ली है। लेकिन, कुमार की विवादास्पद टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी का आक्रोश अभी भी बरकरार है। आज कलक्ट्रेट में मेरठ महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज और महिला मोर्चा अध्यक्ष गीता शर्मा के नेतृत्व में महिला मोर्चा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं को लेकर की गई अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन कर बिहार के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नीतीश कुमार ने जिस तरह की बातें सदन में कही है उन्हें अपने पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।

इस मौके पर विधान परिषद सदस्य डा. सरोजनी अग्रवाल ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बयान बेहद शर्मनाक है। हमारा देश धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक महत्व वाला देश है, नारी की पूजा होती है। वहीं, नीतीश कुमार ने लोकतंत्र के मंदिर में महिलाओं को अपमानित करने वाला बयान दिया है। शायद ही किसी विधानसभा में मुख्यमंत्री ने इस तरह का शर्मनाक बयान दिया हो।

महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष गीता शर्मा ने कहा की नारी शक्ति इस तरह की भाषा को स्वीकार नहीं करती यह बयान क्षमा के लायक नहीं है उन्हें अपना पद छोड़ देना चाहिए। नीतीश कुमार का दिया गया बयान अत्यंत निंदनीय आपत्तिजनक और अशोभनीय है, विधानसभा में महिला प्रतिनिधियों की गरिमा को तार-तार कर दिया गया है। इसके लिए उनके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके त्यागपत्र की मांग को लेकर आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में महिला मोर्चा से उपाध्यक्ष बबिता चौहान, निर्मला लोधी, रजनी कुशवाहा, अनीता विद्यार्थी ,अंजू वारियर के अलावा महानगर महामंत्री महेश बाली, उपाध्यक्ष विवेक रस्तोगी, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, शिवम शर्मा मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News